मसूरी में वंदे मातरम के मुद्दे पर भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, खड़गे का पुतला फूंका

Blog
 Image


मसूरी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर वंदे मातरम के पूरे गायन में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए भाजपा मसूरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पिक्चर पैलेस-कुलड़ी क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खड़गे का पुतला दहन कर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और इसे राष्ट्रगीत के सम्मान से जुड़ा विषय बताया। राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक वंदे मातरम देश की राष्ट्रीय चेतना और गौरव का प्रतीक रहा है। ऐसे में इसके गायन को लेकर किसी भी प्रकार का विवाद या बाधा दुर्भाग्यपूर्ण है।
मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक कारणों से राष्ट्रगीत के सम्मान के मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को प्राथमिकता दे रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में वंदे मातरम के गायन को लेकर सामने आया विवाद कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। सामाजिक कार्यकर्ता निधि बहुगुणा ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की भावनाओं और देशभक्ति से जुड़ा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर देश की जनता संवेदनशील है और राजनीतिक दलों को भी इसका सम्मान करना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और राष्ट्रहित की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कांग्रेस पर विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता आगामी समय में इसका जवाब देगी। इस मौके पर नरेंद्र मेलवाल,सतीश ढौंडियाल, विजय बुटाला, अनिता धनिया, उत्तम नेगी, अजय रमोला, रमेश खंडूरी, गुड मोहन राणा, अरविंद सेमवाल, जसोदा शर्मा, सोबन मेहरा, सचिन पंवार, आशीष जोशी, विजय बिंदवाल,राधे श्याम शर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।