मसूरी। देश-विदेश के प्रतिनिधियों के लिए मसूरी की नगर निकाय व्यवस्था, शहरी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर बना। नगर पालिका परिषद मसूरी में 12 देशों से आए सिविल सेवकों और टीम लीडर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर पालिका की जिम्मेदारियों, शहर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी दी गई। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी और अधिशासी अधिकारी स्वास्थ्य राजेश डोबरियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रतिनिधियों को बताया गया कि नगर पालिका किस प्रकार शहर की व्यवस्थाओं का संचालन करती है। अध्यक्ष और सभी 13 वार्डों के सभासद आपसी समन्वय से विकास कार्यों, जनसमस्याओं के निस्तारण और मसूरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए काम करते हैं। बैठक का उद्देश्य प्रतिनिधियों को स्थानीय शासन और नगर निकाय की जिम्मेदारियों से परिचित कराना रहा। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने 12 देशों से आए सिविल सेवकों और टीम लीडर्स का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अतिथियों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराते हुए पहाड़ी टोपी और देवदार से जुड़े पारंपरिक उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि अतिथियों का मसूरी आगमन शहर के लिए गौरव की बात है। बैठक के समापन पर नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (एनसीजीजी) की ओर से अध्यक्ष मीरा सकलानी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मुलाकात के माध्यम से प्रतिनिधियों को मसूरी की नगर पालिका व्यवस्था और स्थानीय प्रशासन की भूमिका को समझने का अवसर मिला।

