मसूरी में बैडमिंटन का दमदार संग्राम, टीकम सिंह नेगी स्मृति प्रतियोगिता में उभरी नई खेल प्रतिभाएं

Blog
 Image


पहाड़ों की रानी मसूरी में खेल प्रतिभाओं का उत्साह उस समय चरम पर दिखा, जब आईटीबीपी के सहयोग से मसूरी खेल एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित स्व. टीकम सिंह नेगी स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन आईटीबीपी के कंबेट विंग परिसर में किया गया, जहां खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इसमें नन्हे खिलाड़ियों से लेकर अनुभवी प्रतिभागियों तक ने हिस्सा लिया, जिससे खेल के प्रति हर आयु वर्ग का उत्साह साफ झलकता नजर आया।
जूनियर वर्ग में उभरे नए सितारे
अंडर-13 बालक एकल में मीतू अरोड़ा ने आकाश शर्मा को 21-17, 21-19 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं डबल्स में मीतू अरोड़ा और अद्वय की जोड़ी ने परमार्थ-माहिर को हराकर जीत दर्ज की।अंडर-15 वर्ग में अदवि धीमान ने कड़े मुकाबले में सभ्य चोपड़ा को 3 सेटों तक चले मैच में पराजित किया। डबल्स में शौर्य-सौभ्या की जोड़ी विजेता रही। अंडर-18 वर्ग में गुरुवीर ने जीत मंडल को हराकर एकल खिताब जीता, जबकि डबल्स में गुरुवीर-विद्युत की जोड़ी ने शानदार जीत हासिल की।
बालिका वर्ग में भी दमदार प्रदर्शन
अंडर-13 में दीक्षा, अंडर-15 व अंडर-18 में अरणी शर्मा ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किए। डबल्स में श्रेया सिंह और अरणी शर्मा की जोड़ी विजेता रही।ओपन वर्ग में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन मुकाबले पेश किए, जहां एकल में ऋषभ और डबल्स में बलजीत-सिद्धार्थ की जोड़ी विजेता बनी।
अनुभवी खिलाड़ियों ने भी दिखाया दम
35 प्लस वर्ग में बलजीत-मोहित और 90 प्लस वर्ग में रवि रावत-अनुज की जोड़ी ने खिताब जीतकर साबित किया कि खेल के प्रति जुनून उम्र का मोहताज नहीं होता। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल प्रतिभाओं को मंच देती हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की ओर भी प्रेरित करती हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट मनीष सेमवाल और पूर्व आईजी मनोरंजन त्रिपाठी भी मौजूद रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं के लिए सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम का संचालन ईशा गुप्ता ने किया, जबकि निर्णायक मंडल में सुशील नेगी, नीरज ठाकुर, अनिल, रोहित, आनंद पंवार, सेमुएल, युवराज, पलपाशा, विकास सिंह और सुलेखा राम सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।