मसूरी में बेकरी हिल पार्किंग पर टकराव, वेंडर जोन बनाने पहुंची पालिका टीम का विरोध, आंदोलन की चेतावनी

Blog
 Image


पर्यटन नगरी मसूरी में बेकरी हिल कार पार्किंग को खाली कराने पहुंची नगर पालिका की टीम को सोमवार को विरोध का सामना करना पड़ा। पालिका जहां इस स्थान पर वेंडर जोन बनाने की तैयारी में है, वहीं मजदूर संघ ने इसे अपने रोजगार से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कड़ा विरोध जताया है।नगर पालिका परिषद की टीम, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में पिक्चर पैलेस-लंढौर रोड स्थित बेकरी हिल पार्किंग को खाली कराने पहुंची। टीम ने वहां खड़े वाहनों को हटाना शुरू किया, लेकिन मौके पर मौजूद मजदूर संघ के लोगों ने इसका विरोध कर दिया। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि यह पार्किंग मजदूर संघ को अस्थायी विस्थापन के तहत दी गई थी, जिसका समय अब समाप्त हो चुका है। पूर्व में नोटिस भी दिया गया था और बैठक में पार्किंग खाली करने पर सहमति बनी थी। अब यहां वेंडर जोन विकसित किया जाएगा, जहां रेहड़ी-पटरी वालों को व्यवस्थित स्थान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले 84 और फिर 32 लोगों का चयन किया गया है। शेष लोगों से दस्तावेज पूरे करने को कहा गया है। पालिका का दावा है कि पार्किंग हटाने से शहर में पार्किंग संकट नहीं बढ़ेगा, क्योंकि टाउन हॉल में दो मंजिला पार्किंग (100 से अधिक वाहनों की क्षमता) उपलब्ध है, जिसका पूरा उपयोग नहीं हो रहा। साथ ही बड़ी बसों को किक्रेंग पर रोकने की योजना पर भी काम चल रहा है, जिसके लिए आरटीओ और यातायात पुलिस के साथ बैठक प्रस्तावित है। मजदूर संघ के प्रतिनिधि गंभीर पंवार ने कहा कि यह पार्किंग उन्हें हाथ रिक्शा उन्मूलन के बाद रोजगार के विकल्प के रूप में दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका जल्दबाजी में कार्रवाई कर रही हैं बिना वैकल्पिक व्यवस्था के पार्किंग खाली कराना गलत हैं उन्होंने साफ चेतावनी दी कि “अगर जबरन पार्किंग खाली कराई गई तो मजदूर संघ आंदोलन करेगा। संघ का कहना है कि यह पार्किंग रोटेशन सिस्टम पर चलती है, जिससे सभी मजदूरों को बारी-बारी से रोजगार मिलता है। ऐसे में इसे हटाना कई परिवारों की आजीविका पर सीधा असर डालेगा।