दोनों घायल अस्पताल में भर्ती, एक बच्चा कैंसर पीड़ित; बढ़ती टैक्सी स्कूटी पर उठे सवाल
मसूरी। मसूरी में तेज रफ्तार और बिना नियंत्रण के चल रही रेंटल स्कूटियों ने एक बार फिर गंभीर हादसे को जन्म दे दिया। एक नाबालिग चालक द्वारा तेज गति से चलाई जा रही स्कूटी ने स्कूल से लौट रहे दो मासूम बच्चों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बच्चे सड़क किनारे नाली में जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में शामिल करीब 6 वर्षीय एक बच्चा पहले से ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज दिल्ली में चल रहा है। इस हादसे ने उसकी हालत को लेकर परिजनों की चिंता और बढ़ा दी है।सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि स्कूटी चला रहा युवक नाबालिग बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बिना जांच-पड़ताल के नाबालिगों को रेंटल स्कूटी कैसे उपलब्ध कराई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मसूरी में रेंटल टैक्सी स्कूटियों का संचालन बिना किसी ठोस नियम-कानून के हो रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में चल रही रेंटल स्कूटियों पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए, नाबालिगों को वाहन देने वाले संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और तेज रफ्तार पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। पर्यटन सीजन के चलते शहर में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में अनियंत्रित और बिना निगरानी के चल रही टैक्सी स्कूटियां न सिर्फ पर्यटकों बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी खतरा बनती जा रही हैं। लोगो ने कहा कि यह हादसा प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई, तो मसूरी की सड़कों पर ऐसे हादसे और बढ़ सकते हैं।
