मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी में दो दिन तक चली 20वीं मैनोराइट आमंत्रण टेबल टेनिस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी तेज सर्विस, शानदार रिटर्न और बेहतरीन तकनीक से खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता में देहरादून और मसूरी के 13 विद्यालयों के करीब 100 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में मेजबान सेंट जॉर्ज कॉलेज के श्लोक अग्रवाल ने अंडर-17 और अंडर-19 दोनों वर्गों के खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं बालिका वर्ग में हिम ज्योति स्कूल की खिलाड़ियों का दबदबा रहा। 8 और 9 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के अलावा ओपन बालक और बालिका युगल वर्ग में मुकाबले हुए। दो दिनों तक खिलाड़ियों के बीच खिताब के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में द दून स्कूल के जिविन ने सेंट जॉर्ज कॉलेज के अविक अग्रवाल को 3-0 से हराकर खिताब जीता। अंडर-17 में सेंट जॉर्ज कॉलेज के श्लोक अग्रवाल ने अपने ही स्कूल के श्रेयांश वत्राना को 3-1 से हराया। अंडर-19 में भी श्लोक ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने द हेरिटेज स्कूल के अधिराज चौधरी को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर दूसरा खिताब अपने नाम किया। ओपन बालक युगल में द दून स्कूल के जिविन और शौर्य की जोड़ी ने विनबर्ग एलन स्कूल के अरुल और आरिश को 3-2 से पराजित किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में हिम ज्योति स्कूल की इशिता ने विनबर्ग एलन स्कूल की विनोरा जैन को 3-1 से हराकर जीत दर्ज की। अंडर-17 में विनबर्ग एलन स्कूल की रिहाना ने अपनी ही स्कूल की कृष्णा बेहेटी को 3-0 से पराजित किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में हिम ज्योति स्कूल की प्रिया ने अपनी ही स्कूल की शीटल को 3-0 से हराकर खिताब जीता। ओपन बालिका युगल में प्रिया और शीटल की जोड़ी ने काशिश और तेरेशा की जोड़ी को 3-2 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।समापन समारोह में राष्ट्रीय स्तर के टेबल टेनिस खिलाड़ी और मैनोराइट वरुण जैन मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन, धैर्य और समर्पण के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। रेव. ब्रदर ब्रिटो, सुपीरियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी, सेंट जॉर्ज कॉलेज ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं। प्रतियोगिता में द दून स्कूल, द हेरिटेज स्कूल, वेल्हम बॉयज स्कूल, द आर्यन स्कूल, द एशियन स्कूल, कासिगा स्कूल, फिलफॉट पब्लिक स्कूल, सेंट जोसेफ्स एकेडमी, हिम ज्योति स्कूल, गुरु नानक फिफ्थ सेंचुरी स्कूल, मसूरी इंटरनेशनल स्कूल, विनबर्ग एलन स्कूल और सेंट जॉर्ज कॉलेज की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का संचालन एवं निर्णयन काजल, रश्मि, चंद्रिका, शुभम और शिवांश ने किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी के साथ-साथ अनुशासन, धैर्य, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का अनुभव भी दिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य ब्रदर जेयसीलन एस., ब्रदर ब्रिटो, ब्रदर सिल्वानुस केरकेट्टा, ब्रदर लॉरेंस कुजूर, टेबल टेनिस कोच रमेश चमोली और कॉलेज के खेल विभाग लोग मौजूद थे।

