मसूरी के युवा खिलाड़ियों ने नेशनल ताइक्वांडो कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। 23 से 26 अप्रैल तक आयोजित लेट एसएमटी लक्ष्मी देवी इनविटेशनल ताइक्वांडो चौंपियनशिप में मसूरी के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें मसूरी के पांच खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में आदित्य सिंह ने टीम कोच एवं रेफरी के रूप में प्रतिभाग किया और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। 53 किलोग्राम वर्ग में महक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी वर्ग में मुस्कान ने रजत पदक हासिल किया। 59 किलोग्राम वर्ग में कृतिका ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं 35 किलोग्राम वर्ग में सुत्री और 54 किलोग्राम वर्ग में रोहित ने कांस्य पदक जीतकर मसूरी का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता से लौटने पर स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर इंटरनेशनल कोच सोम प्रकाष ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मसूरी के बच्चे लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होने कहा कि यह सफलता न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि मसूरी में उभरती खेल प्रतिभाओं की नई पहचान भी बन रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मसूरी के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी।

