मसूरी की राजनीति में युवा ऊर्जा का उभार अब खुलकर सामने आ रहा है। मसूरी में भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों में सौरव सोनकर का नगर ब्लॉक अध्यक्ष चुना जाना सिर्फ एक पद की जीत नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का संकेत भी है। सौरव सोनकर लंबे समय से संगठन से जुड़े रहे हैं और जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता ने उन्हें युवाओं के बीच एक मजबूत पहचान दिलाई। उनकी जीत यह दर्शाती है कि अब स्थानीय राजनीति में पारंपरिक चेहरों के साथ-साथ नए और ऊर्जावान नेताओं को भी जगह मिल रही है। खास बात यह रही कि उनकी पकड़ सिर्फ संगठन तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता ने भी उन्हें लोकप्रिय बनाया। युवा कांग्रेस के इन चुनावों ने मसूरी क्षेत्र में नई राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह साफ देखा गया, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले समय में संगठन और अधिक सक्रिय भूमिका निभा सकता है। इसे 2027 के राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है, जहां युवा नेतृत्व निर्णायक भूमिका में आ सकता है। सौरव सोनकर के नेतृत्व से युवाओं को रोजगार, शिक्षा, और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों पर ठोस पहल की उम्मीद है। मसूरी जैसे पर्यटन क्षेत्र में बेरोजगारी, मौसमी रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की चुनौतियां लंबे समय से बनी हुई हैंकृऐसे में नया नेतृत्व इन समस्याओं को नई दृष्टि से उठाने की क्षमता रखता है। इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारियों सुशांत थापा, निशांत कुमार, प्रियांश छाबड़ा, सोहेल अली, सुधांशु थापा, प्रियांशु ठाकुर, दीपांशु पंवार, राजीव सिंह रावत, प्रिंस पंवार, एकांत ममगाईं और अंशुमान थापाकृको भी बधाई दी गई। यह दर्शाता है कि संगठन सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि टीमवर्क के आधार पर आगे बढ़ना चाहता है।

