सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी में चल रहे 53वें सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में दूसरे दौर के मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं। सोमवार को खेले गए तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, मजबूत रक्षापंक्ति और आक्रामक रणनीति का प्रदर्शन किया। दिन के सबसे बड़े मुकाबले में मेजबान सेंट जॉर्ज कॉलेज ए टीम ने ओक ग्रोव स्कूल को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं मसूरी यूनाइटेड ने मैनोराइट को 1-0 से शिकस्त दी, जबकि सेंट जॉर्ज कॉलेज बी टीम और विनबर्ग एलन स्कूल बी टीम के बीच मुकाबला गोलरहित बराबरी पर छूटा। दिन के तीसरे और अंतिम मुकाबले में सेंट जॉर्ज कॉलेज ए टीम ने ओक ग्रोव स्कूल के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाए। मैच के दूसरे मिनट में अतीब ने गोल कर मेजबान टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके महज तीन मिनट बाद भावश्या ने पांचवें मिनट में दूसरा गोल दाग दिया। शुरुआती पांच मिनट में 2-0 की बढ़त हासिल कर सेंट जॉर्ज ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। दूसरे हाफ में ओक ग्रोव ने वापसी का प्रयास किया, लेकिन सेंट जॉर्ज की रक्षापंक्ति के सामने उसकी एक नहीं चली। मैच के 68वें मिनट में तनिष्क ने तीसरा गोल कर मेजबान टीम की 3-0 से जीत पक्की कर दी। दूसरे मुकाबले में मसूरी यूनाइटेड फुटबॉल क्लब और मैनोराइट के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने पूरे मैच में एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबले का फैसला अंतिम चरण में हुआ। 70वें मिनट में प्रताप ने शानदार गोल कर मसूरी यूनाइटेड को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद मैनोराइट ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन मसूरी यूनाइटेड के खिलाड़ियों ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए बढ़त कायम रखी। अंततः मसूरी यूनाइटेड ने 1-0 से महत्वपूर्ण जीत दर्ज कर अगले दौर की अपनी दावेदारी मजबूत की। दिन के पहले मुकाबले में सेंट जॉर्ज कॉलेज बी टीम और विनबर्ग एलन स्कूल बी टीम आमने-सामने थीं। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही बेहद अनुशासित और रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया। गोल करने के लिए खिलाड़ियों ने कई प्रयास किए, लेकिन दोनों टीमों की मजबूत डिफेंस के कारण कोई भी गेंद गोलपोस्ट तक नहीं पहुंच सकी। निर्धारित समय तक स्कोर 0-0 रहा और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। सभी मुकाबलों का संचालन अनुभवी रेफरी दल पुष्कर सिंह गुसाईं, प्रदीप नेगी, प्रशांत रावत, मिलन और अनीश छेत्री ने किया। उनके निष्पक्ष एवं पेशेवर निर्णयों से मुकाबले अनुशासन और खेल भावना के साथ संपन्न हुए। प्रतियोगिता का आयोजन सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जेयसीलन एस., सुपीरियर एवं खेल सचिव ब्रदर ब्रिट्टो, उपप्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वानुस केरकेट्टा, सहायक खेल सचिव ब्रदर लॉरेंस कुजूर, ब्रदर नितिन मिटरली, खेल समन्वयक आनंद थापा और पीआरओ भवनेश नेगी के मार्गदर्शन में खेल विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।

