govt-ads

सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक गायिका मीणा आर्य ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक

Blog
 Image


मसूरी। लोक संस्कृति और लोकगीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से क्यारकुली-भट्टा ग्राम में सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोक गायिका मीणा आर्य ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक समस्याओं से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। लोक गायिका मीणा आर्य ने लोकगीतों के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और पात्र होने पर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। लोक गायिका मीणा आर्य ने कहा कि लोकगीत हमारी संस्कृति की पहचान हैं और इनके माध्यम से सामाजिक संदेश प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा और लोक संस्कृति के माध्यम से देने से ग्रामीणों को उन्हें समझने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बेटियों और जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना जरूरी है, ताकि पात्र लोग सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहें। ग्राम प्रधान मीणा कोटाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जरूरी हैं। कई बार जानकारी के अभाव में पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आयुष्मान कार्ड, पेंशन सहित अन्य योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में क्यारकुली-भट्टा की ग्राम प्रधान मीणा कोटाल, उपप्रधान मोनिका जदवान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता थापली, सपना थापली और शीला पंडित सहित प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिकाएं ममता जैन और दमयंती रावत मौजूद रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।