सुवाखोली में 1.70 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया लोकार्पण व शिलान्यास

Blog
 Image



मसूरी। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सुवाखोली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सोमवार को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात मिली। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सुवाखोली क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ 70 लाख 20 हजार रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि जनता को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। कार्यक्रम के तहत बुरांशखंडा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित टिन शेड एवं रेलिंग कार्य का लोकार्पण किया गया। वहीं सुवाखोली स्थित माता भुवनेश्वरी देवी मंदिर में 42.80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले टिन शेड और रेलिंग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा सुवाखोली क्षेत्र में 10.49 लाख रुपये की लागत से शौचालय निर्माण, बिचली कफलानी-मोटीधार मार्ग पर 25.30 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण तथा मोटीधार और टिम्पणी धार क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर 46.61 लाख रुपये की लागत से सुरक्षा दीवार निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। गणेश जोशी ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है और सड़क, पेयजल, बिजली तथा कृषि सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान तेजी से किया जाएगा ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। मंत्री ने मौके पर क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को सुवाखोली में प्रस्तावित बिजलीघर निर्माण की सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। कृषि और उद्यान विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में अधिक से अधिक पॉलीहाउस स्थापित करने, किसानों को जियो टैंक और कृषि उपकरण उपलब्ध कराने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने को कहा गया। वहीं वन विभाग को सड़क किनारे दुर्घटना का कारण बन रहे पेड़ों को चिन्हित कर आवश्यक कटान और छंटाई करने के निर्देश दिए गए। गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटीधार-मसराना मोटर मार्ग, सुवाखोली-सरोना-चामासारी-लोहारीगढ़ मार्ग तथा क्यारा-धनौल्टी मोटर मार्ग सहित अन्य लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। साथ ही एमडीडीए अधिकारियों को सुवाखोली क्षेत्र के शौचालयों के जीर्णाेद्धार सहित अन्य आवश्यक कार्य शीघ्र कराने को कहा गया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बुरांशखण्डा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना भी की। इस अवसर पर वीर सिंह चौहान, अरविंद राणा, आंशिका देवी, प्रेम कोहली, मोहन सिंह, पूरण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।