govt-ads

युवाओं के आइडिया से विकसित भारत का रास्ता तलाशा,युवा उद्यमियों ने बताईं चुनौतियां और दिए सुझाव

Blog
 Image


मसूरी। रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने वाले युवा उद्यमियों को तैयार करना विकसित भारत की दिशा में अहम कदम है। इसी सोच के साथ भाजपा मसूरी मंडल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक एवं संसदीय जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत इनोवेशन चौलेंज और युवा स्टार्टअप कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें युवाओं ने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करने के साथ नए कारोबार शुरू करने में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की। कार्यशाला का उद्देश्य ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए युवाओं की रचनात्मक सोच, नवाचार और उद्यमशीलता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना रहा। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों के युवा स्टार्टअप प्रोफेशनल्स, कॉर्पाेरेट इनोवेटर्स और उद्यमियों ने भाग लेकर नए विचार सामने रखे। चर्चा में स्टार्टअप शुरू करने, कारोबार को आगे बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आने वाली चुनौतियों पर विचार किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने सरकारी नीतियों और योजनाओं की सराहना करते हुए उनके क्रियान्वयन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के सुझाव भी दिए। उनका जोर इस बात पर रहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक आसानी से पहुंचना चाहिए। कार्यशाला में युवाओं के अनुभवों और सुझावों को सुनने तथा उनकी समस्याओं को समझने पर विशेष ध्यान दिया गया। भाजपा की ओर से कहा गया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सामाजिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं और मध्यम वर्ग के विचारों को सुनकर उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ना भी है। युवाओं की नई सोच और नवाचार देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सक्रिय भागीदारी करने वाले युवा स्टार्टअप प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स को सम्मानित किया गया। इस दौरान रजत अग्रवाल, नरेंद्र मेलवान, अनीता धनाई, जगजीत कुकरेजा, कमला थपलियाल, अरविंद सेमवाल, विजय बिंदवाल, सोनू, कुलदीप और राजीव अग्रवाल सहित युवा उद्यमी और अन्य प्रतिभागी मौजूद रहे।