मसूरी फोरेस्ट डीवीजन के अंतर्गत लखवाड़ जल विद्युत परियोजना के तहत कैंपटी रेंज में ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘कॉमन फैसिलिटी सेंटर’ का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र “धात्री स्वायत्त सहकारिता कैंपटी” के माध्यम से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पवार ने फीता काटकर किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मसूरी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर ने की। इस अवसर पर डीएफओ अमित कुंवर ने कहा कि ब्।ज् प्लान के तहत स्थापित इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से स्थानीय उत्पादों का प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी। सीता पवार ने कहा कि कॉमन फैसिलिटी सेंटर खुलने से अब क्षेत्र में बनने वाले स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, उनकी पैकेजिंग और विपणन को गति मिलेगी। इससे न केवल महिलाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। यह पहल पहाड़ की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उद्घाटन समारोह में ‘धात्री स्वयं सहायता समूह’ से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने इस पहल को क्षेत्र के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए खुशी जाहिर की। उनका कहना था कि अब उन्हें अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए बेहतर सुविधा और मंच मिलेगा। इस मौके पर वन क्षेत्राधिकारी अमिता थपलियाल, वन दरोगा गजेंद्र दत्त गौड़, फतेह सिंह, वन बीट अधिकारी विवेक डोभाल, अजित कैंतुरा, वीरेश कुमार, ज्योति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं।

