मसूरी कैमल बैक रोड पर डिस्मेंटल भवन का मलबा गिरने से मजदूर घायल

Blog
 Image

मसूरी कैमल बैक रोड पर डिस्मेंटल भवन का मलबा गिरने से मजदूर घायल

मसूरी। कैमल बैक रोड स्थित कमल कॉटेज में शुक्रवार को डिस्मेंटल किए जा रहे भवन का मलबा अचानक मजदूर के ऊपर गिर गया। हादसे में मजदूर के दाहिने हाथ में चोट आई है। घायल को ठेकेदार ने आनन-फानन में मसूरी कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। जानकारी के अनुसार कमल कॉटेज में इन दिनों एक पुरानी कोठी को डिस्मेंटल करने का काम चल रहा है। शुक्रवार को मजदूर विनोद (32), पुत्र राजाराम, निवासी नेपालगंज भी अन्य मजदूरों के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान भवन का एक हिस्सा अचानक गिरने से पत्थर और मलबा उसकी चपेट में आ गया। हादसे में विनोद के दाहिने हाथ में काफी चोट लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ठेकेदार लियाकत अली ने घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।

 हादसे के बाद पुलिस को सूचना मिली कि कमल कॉटेज में भवन गिरने से दो लोग मलबे में दब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में दो लोगों के दबे होने की बात सही नहीं मिली। पुलिस के अनुसार मौके पर डिस्मेंटल का काम चल रहा था और इसी दौरान एक मजदूर के ऊपर पत्थर गिरने से वह घायल हुआ था। पुलिस ने घटना की परिस्थितियों की जानकारी लेने के साथ मौके पर चल रहे डिस्मेंटल कार्य को लेकर भी जानकारी जुटाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने भवन को तोड़ने के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।फिलहाल घायल मजदूर का कम्युनिटी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की पुष्टि नहीं हुई है।