मसूरी के उप जिला चिकित्सालय में लंबे समय से बनी समस्या का समाधान हो गया है। अस्पताल में अब रेबीज के इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है। उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डा. खजान सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से इंजेक्शन की कमी के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब विभागीय प्रयासों और सरकार के सहयोग से पर्याप्त मात्रा में रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं।इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए विधायक गणेश जोशी के प्रतिनिधि स्वास्थ्य रमेश खंडूरी ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोषी के समक्ष समस्या रखी थी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल में इंजेक्शन की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। स्वास्थ्य प्रतिनिधि रमेश खंडूरी ने बताया कि मसूरी में आवारा कुत्तों और अन्य जानवरों के काटने की घटनाएं बढ़ रही थीं, जिससे लोगों को समय पर इलाज न मिलने की चिंता बनी हुई थी। अब इंजेक्शन उपलब्ध होने से मरीजों को तुरंत उपचार मिल सकेगा। मसूरी एक प्रमुख पर्यटन स्थल होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में रेबीज इंजेक्शन की उपलब्धता बेहद जरूरी थी। अब अस्पताल में पर्याप्त स्टॉक होने से न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि पर्यटकों को भी राहत मिलेगी। रमेश खंडूरी ने इस समस्या के समाधान के लिए मंत्री गणेश जोशी और अस्पताल प्रशासन, विशेषकर डॉ. खजान सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है।

