मसूरी। मौसम ने चुनौती दी, लेकिन खिलाड़ियों के कदम नहीं थमे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर मसूरी में आयोजित ‘आजादी की दौड़’ में बारिश के बीच तीन सौ से अधिक स्कूली खिलाड़ियों ने दौड़ लगाकर खेल भावना और देशभक्ति का परिचय दिया। प्रतियोगिता में सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने कई आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन कर अपना दबदबा कायम किया। मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने नगर पालिका मसूरी और होटल एसोसिएशन के सहयोग से शहीद स्थल, झूलाघर मालरोड से क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में शहर के हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता की सबसे खास तस्वीर बालिका वर्ग में सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रदर्शन के रूप में सामने आई। अंडर-12 में कश्मीरा और मिस्टी ने पहले दो स्थान हासिल किए। अंडर-14 में प्रियांशी प्रथम रहीं, जबकि संध्या, साक्षी और रितिका ने भी शीर्ष पांच में जगह बनाई। अंडर-17 में तो सनातन की ईशा, काजल, शीतल और शिवानी ने लगातार चार स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। सीनियर बालिका वर्ग में भी दुर्गा और बबीता ने क्रमशरू पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में भी अलग-अलग विद्यालयों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-12 में सेंट क्लेयर्स के अनुराग चमोली विजेता रहे। अंडर-14 में हैम्पटन कोर्ट के माधव कंडारी ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 में तिब्बतन होम्स के खिलाड़ियों ने शीर्ष तीन स्थानों पर कब्जा जमाया। सीनियर बालक वर्ग में क्यारकुली के साहिल रावत ने बाजी मारी।
पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि बारिश के बावजूद बच्चों में दौड़ को लेकर जिस तरह का उत्साह देखने को मिला, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मसूरी में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि भिलाडू मैदान मिलने के बाद खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। एमएसए अध्यक्ष सूरत सिंह रावत ने कहा कि यह आयोजन एसोसिएशन की 50वीं दौड़ है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बावजूद खिलाड़ियों ने मैदान नहीं छोड़ा और पूरे उत्साह से प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि एमएसए का उद्देश्य मसूरी के बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में पांच आयु वर्गों में बालक-बालिकाओं की दौड़ कराई गई, जबकि वेटरन वर्ग को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया। विजेताओं को पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

