ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को मसूरी बंद, केमिस्ट एसोसिएशन ने सरकार को सौंपा ज्ञापन

Blog
 Image


मसूरी। मसूरी केमिस्ट एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी ऑल इंडिया केमिस्ट बंद का समर्थन करते हुए मसूरी में भी दवा प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में एसोसिएशन पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को एसडीएम कार्यालय के माध्यम से ज्ञापन भेजकर दवा कारोबारियों और जनस्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि लंबे समय से केंद्र और राज्य स्तर पर संबंधित प्राधिकरणों के समक्ष दवा व्यवसाय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। इससे देशभर के लाखों दवा विक्रेताओं और उनसे जुड़े परिवारों की आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है। मसूरी केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल मित्तल ने कहा कि अवैध ई-फार्मेसी संचालन और बड़े कॉरपोरेट घरानों द्वारा भारी छूट देकर दवाओं की बिक्री किए जाने से पारंपरिक दवा वितरण प्रणाली प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे छोटे और मध्यम स्तर के दवा व्यवसायियों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। एसोसिएशन के महामंत्री डॉ. नीरज सिंघल ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में लागू की गई कुछ अधिसूचनाओं का अब दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने मांग की कि ऐसी अधिसूचनाओं को तत्काल वापस लिया जाए और दवा बिक्री व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि ऑनलाइन दवा बिक्री के अनियंत्रित विस्तार से नकली दवाओं के बाजार में आने का खतरा बढ़ रहा है, जो सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। साथ ही बड़े कॉरपोरेट समूहों द्वारा ‘प्रिडेटरी प्राइसिंग’ यानी अत्यधिक छूट देकर बाजार पर कब्जा करने की रणनीति अपनाई जा रही है, जिससे छोटे दुकानदार आर्थिक संकट में हैं। केमिस्ट एसोसिएशन ने सरकार से मांग की कि अवैध ई-फार्मेसी संचालन पर तत्काल रोक लगाई जाए, जीएसआर अधिसूचना वापस ली जाए तथा निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में पारंपरिक दवा व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो सकता है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बंद के माध्यम से सरकार का ध्यान इन गंभीर मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि देशभर के लाखों दवा व्यापारी इस आंदोलन में शामिल होंगे।ज्ञापन देने वालों में मसूरी केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल मित्तल, महामंत्री डा. नीरज सिंघल, आशीष गर्ग, मनोज अग्रवाल, सुमित, डा. अशरफ अली खान आदि मौजूद रहे।