हरिद्वार जनपद के लक्सर में भारतीय स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ की दो दिवसीय केंद्रीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से आए प्रतिनिधियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े अहम मुद्दों पर मंथन किया। इस बैठक में मसूरी से पहुंचे प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी खास चर्चा में रही। बैठक में मसूरी से अरविंद सिंह पंवार (प्रदेश महामंत्री), किरण रावत (प्रदेश उपाध्यक्ष) और राहुल ने भाग लिया और कर्मचारी हितों को लेकर अपने विचार रखे।प्रदेश महामंत्री अरविंद सिंह पंवार ने जोर देते हुए कहा कि जहां-जहां संगठन नहीं है, वहां तेजी से यूनिट बनाना जरूरी है, तभी कर्मचारियों की आवाज मजबूत होगी। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष किरण रावत ने कहा कि नगरीय निकाय कर्मचारियों की समस्याएं लंबे समय से अनदेखी हो रही हैं, अब संगठित होकर निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। बैठक की अध्यक्षता राजेश मंडली ने की, जबकि राष्ट्रीय महासचिव सुरेश तिवारी सहित 25 कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद लक्सर के अध्यक्ष संजीव कुमार द्वारा किया गया। बैठक में जीईएनसी के महासचिव मुकेश सिंह ने पुरानी पेंशन योजना और नई पेंशन योजना के अंतर को विस्तार से रखते हुए कहा कि कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा के लिए व्च्ै की बहाली बेहद जरूरी है। दो दिनों तक चले मंथन के बाद कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए नगरीय निकायों में नई पद संरचना लागू कर कर्मचारियों का नियमितीकरण, ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने की मांग, पुरानी पेंशन योजना की पुनर्बहाली, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को एकमुश्त भुगतान, नगर निकाय कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों के समान वेतन व सुविधाएं देने की मांग की गई। समापन सत्र में रमेश चंद्र ने भारतीय मजदूर संघ की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन राष्ट्र हित में कार्य करने वाली एक सशक्त ट्रेड यूनियन है।

