आज से शुरू बोर्ड परीक्षा, छात्र एक घंटा पहले पहुंचे केंद्र

Blog
 Image

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं आज शनिवार से पूरे प्रदेश में शुरू हो रही हैं। इस वर्ष कुल 2,15,252 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाएं 20 मार्च तक संचालित की जाएंगी। पहले दिन इंटरमीडिएट की ड्राइंग एंड पेंटिंग विषय की परीक्षा आयोजित होगी, जो सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। बोर्ड सचिव विनोद सिमल्टी ने जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल में 1,722 व्यक्तिगत और 1,10,544 संस्थागत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं इंटरमीडिएट में 3,637 व्यक्तिगत तथा 99,349 संस्थागत परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेशभर में कुल 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 156 केंद्र संवेदनशील और 6 केंद्र अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं, जहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।

इंटरमीडिएट की अंतिम परीक्षा 20 मार्च को संस्कृत, उर्दू और पंजाबी विषयों की होगी। वहीं हाईस्कूल की पहली परीक्षा 23 फरवरी को हिंदुस्तानी संगीत (मैलोडिक वादन) और टंकण (अंग्रेजी, हिंदी) विषयों की आयोजित की जाएगी। हाईस्कूल की अंतिम परीक्षा भी 20 मार्च को हिंदुस्तानी संगीत (गायन) सहित अन्य विषयों के साथ संपन्न होगी। परीक्षा का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम एक घंटा पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है, ताकि पहचान पत्र जांच और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। बोर्ड सचिव ने सभी विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और परीक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रदेशभर में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह और हलचल देखी जा रही है। शिक्षा विभाग का दावा है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।