govt-ads

डिजिटल दुनिया में ठगी से बचाव का पाठ पढ़ेंगे विद्यार्थी, साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला

Blog
 Image


मसूरी। डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के बीच ऑनलाइन ठगी से बचाव अब बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसी को देखते हुए भाजपा मसूरी मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेंट क्लेयर कॉन्वेंट स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने तथा साइबर अपराधों से बचने के प्रति जागरूक किया गया। उत्तराखंड पुलिस की साइबर क्राइम सेल के राजेश ध्यानी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता और डिजिटल साक्षरता को समय की जरूरत बताया। कार्यशाला का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना और इंटरनेट का सुरक्षित इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि डिजिटल सेवाओं ने लोगों का काम आसान किया है, लेकिन ऑनलाइन लेनदेन और इंटरनेट के इस्तेमाल में लापरवाही नुकसान का कारण बन सकती है। ऐसे में विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना जरूरी है। भाजपा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को सामाजिक सेवा के साथ नागरिकों को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने की पहल के तौर पर प्रस्तुत किया गया। भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने डिजिटल क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। ऐसे में डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक उपयोगी जानकारी पहुंचाना और जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यशाला में सेंट क्लेयर कॉन्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। भाजपा मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवान, संयोजक कुलदीप जडवान और देवेंद्र गुणसोला सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिभाग किया।