मसूरी। किताबों से मिलने वाली जानकारी के साथ रंगमंच भी विद्यार्थियों को देश के इतिहास, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इसी उद्देश्य से भाजपा मसूरी मंडल की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज में ‘नमो सेवा गाथा’ नाटक का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, संघर्षों, जनसेवा और देशहित में लिए गए निर्णयों को प्रस्तुत किया गया। रंगमंच एवं संस्कृति विभाग से जुड़े कलाकारों और छात्र-छात्राओं की संयुक्त टोलियों ने दोनों विद्यालयों में प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के विकास, सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा से परिचित कराने के साथ समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का संदेश देना रहा। प्रस्तुतियों के दौरान कलाकारों ने अभिनय के माध्यम से जनसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े प्रसंगों को जीवंत किया। विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सेवा केवल किसी गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। ‘नमो सेवा गाथा’ जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों से युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनसेवा जैसे विषयों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।भाजपा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से राजनीतिक नेतृत्व के सार्वजनिक जीवन और देश के विकास से जुड़े पहलुओं को विद्यार्थियों के सामने रखा गया। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री विनोद उनियाल, दायित्वधारी निरंजन डोभाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री नरेंद्र मेलवान, सभासद अनिल गोयल, विजय बिंदवाल, अनुज टायल, उज्ज्वल नेगी, विजय बुटोला, रमेश खंडूरी, आशीष जोशी, कुलदीप जडवान और मुकेश खरोला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

