पहाड़ों की रानी मसूरी में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश और ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड

Blog
 Image


मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरूवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। दोपहर में तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली। ठंड बढ़ने पर लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में हुई तेज ओलावृष्टि से सड़कों और छतों पर सफेद चादर सी बिछ गई। मौसम का बदला रूप देखकर स्थानीय लोग भी हैरान नजर आए। वहीं बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पूरे शहर में सर्द मौसम लौट आया।ओलावृष्टि से मसूरी के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और बगीचों में किसानों व काश्तकारों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। काश्तकारों का कहना है कि इस समय कई फसलें खेतों में तैयार खड़ी हैं और भारी ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। खासकर सब्जियों और फलों की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है।
वहीं मौसम के बदले मिजाज का आनंद लेने देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक भी मसूरी की वादियों में बारिश और ठंड का जमकर लुत्फ उठाते नजर आए। माल रोड, गनहिल और अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटक बारिश के बीच घूमते और फोटो खिंचवाते दिखाई दिए। कई पर्यटकों ने मसूरी के मौसम को “दिलकश और यादगार” बताया।
मौसम विभाग ने पहले ही अगले तीन दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए चेतावनी जारी की थी। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा पूर्व में ही अलर्ट जारी कर संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे।प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक बार फिर मसूरी में सर्दी का एहसास करा दिया है।