प्रदेश भर की नजरें धामी कैबिनेट के फैसलों पर, आम जनमानस को मिल सकती है बड़ी राहत

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज (बुधवार) प्रदेश मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। सचिवालय में होने वाली इस कैबिनेट बैठक में राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक के एजेंडे में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, कृषि, बागवानी और शहरी विकास विभाग के प्रस्ताव शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग में ढांचे के विस्तार और शिक्षा विभाग में नई नियुक्तियों व बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर कैबिनेट की मुहर लग सकती है। इसके साथ ही, शहरी विकास और आवास विभाग की ओर से नई नियमावली या योजनाओं के सरलीकरण को लेकर भी चर्चा की जा सकती है। इस कैबिनेट बैठक का एक मुख्य केंद्र 'कार्मिक विभाग' के प्रस्ताव होंगे। राज्य सरकार के कर्मचारियों से संबंधित पदोन्नति, भत्ते या अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर कैबिनेट में चर्चा कर राहत प्रदान की जा सकती है। लंबे समय से लंबित कुछ मांगों पर कार्मिक विभाग की ओर से प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखे जाएंगे। प्रदेश की आर्थिक स्थिति और आगामी विकास योजनाओं के रोडमैप को ध्यान में रखते हुए यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। विशेषकर कृषि और बागवानी के क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से जमीनी स्तर पर काम में तेजी आएगी। कैबिनेट के फैसलों की विस्तृत जानकारी बैठक समाप्त होने के बाद शासकीय प्रवक्ता द्वारा साझा की जाएगी। प्रदेश भर की नजरें आज होने वाले इन फैसलों पर टिकी हैं, क्योंकि इनमें से कई निर्णय सीधे तौर पर आम जनमानस और युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने वाले होंगे।