मसूरी। पहाड़ों की खूबसूरती केवल ऊंचे पहाड़ों और ठंडी हवाओं में नहीं, बल्कि यहां की हरियाली, जंगलों और प्राकृतिक विरासत में भी बसती है। इस विरासत को बचाने का संदेश लेकर मसूरी की मॉल रोड पर युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण की आवाज बुलंद की। रोटरैक्ट क्लब ऑफ आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी ने रोटरी क्लब ऑफ मसूरी के सहयोग से ‘बुरांश रू अ लव लेटर टू द हिल्स’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें रोटरैक्टर्स और रोटेरियन्स ने रैली निकालकर लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराया और पहाड़ों को हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया। जोन-7 की इस जोनल पहल की शुरुआत मॉल रोड पर जागरूकता रैली से हुई। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली बचाने का संदेश दिया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने मानव श्रृंखला बनाकर पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुटता दिखाई। मॉल रोड पर सभी ने प्रकृति की रक्षा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा पर्यावरण सुरक्षित रखने की शपथ भी ली। कार्यक्रम का नाम ‘बुरांश’ रखा जाना भी पहाड़ों की प्रकृति और पहचान से जुड़ा संदेश देता है। बुरांश उत्तराखंड के पहाड़ी जंगलों में खिलने वाला प्रमुख फूल है, जो यहां की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ इस पहल को ‘अ लव लेटर टू द हिल्स’ नाम दिया गया, ताकि लोगों को यह संदेश दिया जा सके कि पहाड़ों से प्रेम केवल उनकी खूबसूरती की प्रशंसा तक सीमित न रहे, बल्कि उनके संरक्षण के लिए व्यवहार में भी दिखाई दे। रैली और मानव श्रृंखला के बाद पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों ने हरित भविष्य के लिए पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन रोटरी क्लब ऑफ मसूरी के सदस्यों के साथ ट्रेकिंग से हुआ। इस गतिविधि ने प्रतिभागियों को प्रकृति के करीब आने और पहाड़ी पर्यावरण के महत्व को समझने का अवसर दिया। इस जोनल अभियान की परिकल्पना जोनल प्रमुख आरटीआर युविका असवाल, जोन-7 की सहायक जिला रोटरैक्ट प्रतिनिधि (एडीआरआर), और आरटीआर माहिन्या मिश्रा, सहायक जिला रोटरैक्ट सचिव (एडीआरएस), ने की। कार्यक्रम के संचालन और समन्वय में आरटीआर तनुष, आरटीआर खनक और आरटीआर अनुमेहा गौर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ मसूरी की ओर से पीडीजी रणबीर सिंह, अध्यक्ष अश्वनी मित्तल, सचिव नूपुर करणवाल कैंतूरा, पीपी शैलेंद्र करणवाल, पीपी कुलदीप माथुर, पीपी संजय जैन, पीपी शलभ गर्ग, पीपी विनेश संघल, पीपी नितिन गुप्ता, आईपीपी दीपक अग्रवाल, आरटीएन शिवम अग्रवाल और आरटीएन टीएस मांचंदा ने प्रतिभाग कर अभियान को समर्थन दिया। रोटरैक्ट क्लब ऑफ मसूरी की ओर से रोटरैक्टर कौशिकी मोहन अग्रवाल ने प्रतिनिधित्व किया।

