govt-ads

उत्तराखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी की बड़ी सौगात, समूह-ग के 7 पदों का रिवाइज्ड कैलेंडर जारी,101 पदों पर नई भर्ती

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी सेवा में जाने का एक और शानदार अवसर आया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए समूह-ग की सात प्रमुख भर्ती परीक्षाओं का संशोधित (रिवाइज्ड) कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने वैयक्तिक सहायक और आशुलिपिक के 101 नए पदों पर भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन भी जारी कर दिया है, जिससे लंबे समय से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है।

प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने समूह-ग की सात भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर समेत विभिन्न पदों के लिए 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होगी। आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्तूबर को आयोजित की जाएगी। वहीं कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा की तारीख बदलकर 18 अक्तूबर से 20 सितंबर कर दी गई है। इसी तरह सहायक लेखाकार की परीक्षा अब चार अक्तूबर के बजाय एक नवंबर को होगी। वैयक्तिक सहायक की परीक्षा एक नवंबर के बजाय 20 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों की परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 जनवरी को ही होगी। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व कैलेंडर में वर्ष 2026 गलती से प्रकाशित हो गया था, जिसे संशोधित कर अब 2027 किया गया है। यूकेएसएसएससी की ओर से जारी विज्ञापन के तहत राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक और अन्य समूह-ग पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद, आयुक्त कुमाऊं मंडल के 16 पद और वन निगम के 10 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 सितंबर से 14 अक्तूबर तक किए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों को आवेदन में हुई गलतियों को सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा। आवेदन में संशोधन के लिए 17 से 19 अक्तूबर तक का समय निर्धारित किया गया है। लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 20 दिसंबर तय की गई है। वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। शैक्षिक योग्यता के तौर पर 12वीं पास होने के साथ 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति जरूरी है। आशुलिपिक पद के लिए भी 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ अंग्रेजी और हिंदी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट की गति तथा 40 शब्द प्रति मिनट टाइपिंग की योग्यता निर्धारित की गई है। भर्ती के लिए अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 150 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। आयोग के संशोधित कैलेंडर और 101 पदों के विज्ञापन से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को एक साथ कई अवसर मिले हैं। खासकर 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले पदवार शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, टाइपिंग-आशुलेखन की अनिवार्य शर्तों और अन्य नियमों को ध्यान से जांचने की सलाह दी गई है।