मसूरी के युवा अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भारत सरकार के स्टैंडिंग काउंसिल नियुक्त

Blog
 Image



मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। नगर के युवा अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल को उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल में भारत सरकार के स्टैंडिंग काउंसिल के रूप में नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के तहत हुई यह नियुक्ति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे मसूरी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गई है। आर्यन देव उनियाल, वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित नागरिक ओ.पी. उनियाल के सुपुत्र हैं और पिछले कई वर्षों से विधि क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने संवैधानिक, प्रशासनिक, जनहित एवं शासन से जुड़े विभिन्न मामलों में प्रभावी पैरवी कर अपनी अलग पहचान बनाई है। युवा उम्र में मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनकी विधिक दक्षता, मेहनत और समर्पण का परिणाम मानी जा रही है। स्टैंडिंग काउंसिल के रूप में आर्यन देव उनियाल उत्तराखंड उच्च न्यायालय में केंद्र सरकार और उसके विभिन्न विभागों की ओर से पैरवी करेंगे। यह पद अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसमें केंद्र सरकार से जुड़े कानूनी मामलों में न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से पक्ष प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी होती है। विधि क्षेत्र के साथ-साथ आर्यन देव उनियाल सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा, उत्तराखंड में प्रदेश मंत्री के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। युवाओं, सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रियता उन्हें क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाती है। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही मसूरी में खुशी का माहौल है। अधिवक्ता समुदाय, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। शुभचिंतकों ने विश्वास जताया कि आर्यन देव उनियाल अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मसूरी जैसे छोटे शहर से निकलकर किसी युवा का केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण विधिक पद तक पहुंचना आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी नियुक्ति ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के सामने कोई भी लक्ष्य बड़ा नहीं होता।