मसूरी में मतदाता सूची शुद्धिकरण में जुटी भाजपा, बूथ स्तर तक सक्रिय हुए कार्यकर्ता

Blog
 Image


उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मसूरी मंडल में संगठनात्मक सक्रियता तेज कर दी है। शहस्त्रधारा क्षेत्र में आयोजित विशेष बैठक में बुरांशखंडा, सिल्ला, कफलानी और टीमली मानसिंह शक्ति केंद्रों के संयोजक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, बीएलए-2 और मोर्चा अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियाद है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर सूची की कमियों को दूर करने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने का आह्वान किया। बैठक में मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना, मतदाता सूची से मृतकों और गलत पते वाले लोगों के नाम हटाने की प्रक्रिया पर जोर दिया गया। शादी के बाद दूसरे स्थान पर चली गई महिलाओं के नाम स्थानांतरित कराने और क्षेत्र में आई नई महिलाओं के नाम जुड़वाने पर चर्चा हुई। युवाओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराने और मतदाता पहचान पत्र बनवाने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि मतदाता सूची में किसी भी अवैध बाहरी या घुसपैठिए का नाम शामिल न हो। बूथ लेवल एजेंट्स और स्थानीय पदाधिकारियों को गड़बड़ियों पर आपत्तियां दर्ज कराने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए गए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह अभियान आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी का अहम हिस्सा है। बूथ स्तर पर मतदाता सूची को मजबूत और व्यवस्थित करना किसी भी राजनीतिक दल के लिए चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है। बैठक में बीर सिंह चौहान (जिला पंचायत सदस्य), नरेंद्र मेलवान (महामंत्री), सुनील चमोली (उपाध्यक्ष) सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।