मसूरी में नगर पालिका प्रशासन द्वारा पटरी व्यापारियों को व्यवस्थित करने के प्रयास जहां शहर को नया रूप देने की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं इस मुद्दे पर सियासी पारा भी चढ़ गया है। भाजपा युवा मोर्चा के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता आर्यन देव उनियाल ने पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के प्रयासों को सराहते हुए विपक्ष पर तीखे आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी में फुटपाथ व्यापारियों को लेकर जो व्यवस्था की जा रही है, वह कानून के दायरे में रहते हुए और जनहित में की जा रही है।
आर्यन देव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 2014 में स्ट्रीट वेंडर एक्ट लागू किया गया जो न केवल पटरी व्यापारियों के अधिकारों की सुरक्षा करता है, बल्कि उनके पुनर्वास और व्यवस्थित संचालन की दिशा में भी अहम भूमिका निभाता है। इस कानून के तहत टाउन वेंडिग कमेटी का गठन किया जाता है जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ समाज के अन्य वर्गों के लोग सदस्य होते हैं। यही समिति तय करती है कि शहर में कौन-से क्षेत्र वेंडर ज़ोन के लिए उपयुक्त होंगे और वहां किन-किन व्यापारियों को स्थान मिलेगा।उन्होंने कहा कि मीरा सकलानी की अध्यक्षता में नगर पालिका प्रशासन इस कानून का पालन करते हुए आगे बढ़ रहा है, और जिन व्यापारियों को पहले चरण में समायोजित किया जाना है, उनकी सूची भी जल्द सार्वजनिक की जाएगी। इससे विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे अनावश्यक सवालों पर विराम लगेगा।
भाजपा नेता ने स्पष्ट कहा कि कुछ राजनीतिक दल और नेता पटरी व्यापारियों की आड़ में राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए क्योंकि यह आजीविका और शहर के समग्र विकास से जुड़ा हुआ है। आर्यन देव ने पूर्व पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब अनुज गुप्ता पद पर थे, तब वेंडर जोन को लेकर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। इसके विपरीत उन्होंने पालिका की संपत्तियाँ 25 से 30 वर्षों के लिए लीज पर दे दीं, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार के चलते मसूरी का विकास अवरुद्ध हुआ।
आर्यन देव ने अपने पिता और पूर्व पालिका अध्यक्ष ओ.पी. उनियाल के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय मसूरी में विकास और रोजगार के कई बड़े प्रोजेक्ट लाए गए, लेकिन मसूरी के ही कुछ बड़े नेताओं ने उन योजनाओं को हकीकत में उतरने नहीं दिया। उन्होंने मसूरी की जनता से अपील करते हुए कहा कि नगर पालिका में ट्रिपल इंजन सरकार (केंद्र, राज्य, और स्थानीय निकाय में भाजपा की सरकार) को काम करने का पूरा मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, अभी केवल 8 महीने हुए हैं, इतने कम समय में ही काम को आंकना उचित नहीं है। विकास और व्यवस्थाओं को स्थायी रूप से लागू करने में समय लगता है।,

