ऊधम सिंह नगर जिले के सीमांत क्षेत्र खटीमा में बीती देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जहरीले पदार्थ के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अधिवक्ता की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों लोग एक विवाह समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, खटीमा कंजाबाग रोड निवासी और पार्वती बैंक्वेट हॉल के स्वामी 52 वर्षीय ढिल्लू राणा अपने दो साथियों मलकीत सिंह राणा और एडवोकेट प्रवेश राणा (निवासी भगचूरी) के साथ पटपुरा क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। देर रात जब वे कंजाबाग रोड स्थित अपने बैंक्वेट हॉल के सामने पहुंचे, तो कार में ही तीनों द्वारा शराब के सेवन की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान उसमें मिलाए गए पानी से अजीब सी बदबू आ रही थी। शराब के सेवन के कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें पेट में तेज जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालत बिगड़ते देख स्थानीय पड़ोसी जीवन के द्वारा तीनों को निजी वाहन से उपजिला चिकित्सालय खटीमा ले जाया गया। अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर वी.पी. सिंह ने तीनों का तत्काल उपचार शुरू किया। हालांकि इलाज के दौरान ही 52 वर्षीय ढिल्लू राणा ने दम तोड़ दिया। वहीं मलकीत सिंह राणा और एडवोकेट प्रवेश राणा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, मलकीत सिंह राणा ने भी हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वर्तमान में एडवोकेट प्रवेश राणा का इलाज बरेली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना स्थल से शराब की बोतल मिलने के बाद पुलिस ने तीनों के शराब सेवन की पुष्टि की है। प्रथम दृष्टया शराब में जहरीला पानी मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। खटीमा पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। पुलिस ने शराब की बोतल और अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब में जहरीला पदार्थ कैसे और कहां से मिला। इस घटना ने एक बार फिर अवैध या मिलावटी शराब के खतरे को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

