मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर मासोनिक लॉज के पास सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रेलिंग को ठीक नहीं किया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व इसी स्थान पर एक कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी थी। गनीमत रही कि चालक की जान बच गई, लेकिन दुर्घटना के बाद भी संबंधित विभागों ने कोई सबक नहीं लिया। वर्तमान में रेलिंग टूटी होने के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा असुरक्षित बना हुआ है। यह मार्ग मसूरी और देहरादून को जोड़ने वाला सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों पर्यटक, स्थानीय वाहन, दोपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। रात के समय या खराब मौसम में यहां दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि टूटी रेलिंग के आसपास न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही सुरक्षा बैरिकेडिंग की गई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग और प्रशासन दोनों ही मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उनका कहना है कि रोजाना अधिकारी इसी मार्ग से गुजरते हैं, इसके बावजूद किसी ने अब तक मरम्मत की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा हो।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता षिवराज सिंह लोदियाल ने बताया कि उक्त रेलिंग का स्थायी निर्माण मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा कराया जाना है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हालांकि उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त रेलिंग की अस्थायी मरम्मत जल्द कराई जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल सुरक्षा इंतजाम किए जाएं और नई रेलिंग लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उनका कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की छोटी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

