govt-ads

मौत के मुहाने पर पहुंचे 20 पर्यटक, 10 मीटर गहरी खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर; पेड़ों ने थाम ली जिंदगी की रफ्तार

Blog
 Image

मौत के मुहाने पर पहुंचे 20 पर्यटक, 10 मीटर गहरी खाई में गिरा टेंपो ट्रैवलर; पेड़ों ने थाम ली जिंदगी की रफ्तार

मसूरी झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के निकट हुआ हादसा, पैरापिट तोड़कर खाई में गिरा वाहन; स्थानीय लोगों ने जान जोखिम में डालकर चलाया रेस्क्यू अभियान

सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, एक महिला घायल; सभी पर्यटक सुरक्षित निकाले गए

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार शाम पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर बड़े हादसे का शिकार हो गया। हरिद्वार से मसूरी घूमने आ रहे पांच परिवारों के 20 पर्यटकों की सांसें उस समय थम गईं, जब मसूरी झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के निकट उनका वाहन सड़क किनारे पैरापिट तोड़ते हुए करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन खाई में नीचे पेड़ों के बीच अटक गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में एक महिला को हल्की चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4:40 बजे टेंपो ट्रैवलर संख्या DL1VC5507 हरिद्वार से पर्यटकों को लेकर मसूरी की ओर आ रहा था। जैसे ही वाहन मसूरी झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे की ओर चला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन का पहिया सड़क के किनारे की ओर जाने से चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पैरापिट तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरा।

खाई में गिरते ही मची चीख-पुकार, पेड़ों में अटका वाहन

करीब 10 मीटर नीचे खाई में गिरने के बाद टेंपो ट्रैवलर पेड़ों में अटक गया। पहाड़ी क्षेत्र में इतनी ऊंचाई से वाहन गिरने के बावजूद यात्रियों का सुरक्षित बचना किसी चमत्कार से कम नहीं रहा। यदि वाहन पेड़ों में नहीं अटकता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद घायल महिला और अन्य यात्रियों को एंबुलेंस तथा निजी वाहनों से उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया गया। घायल महिला सखी पटेल (45) को हल्की चोटें आई हैं।

गुजरात के पांच परिवारों के 20 पर्यटक थे सवार

पुलिस के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी 20 पर्यटक गुजरात के रहने वाले हैं और वर्तमान में मुंबई में निवास कर रहे हैं। पांच परिवारों के सदस्य मसूरी घूमने आ रहे थे, लेकिन पर्यटन यात्रा के दौरान अचानक हुए इस हादसे ने सभी को दहशत में डाल दिया। वाहन चालक सोनू पुत्र राजेंद्र कुमार (40), निवासी सेक्टर-18, रोहिणी, दिल्ली वाहन चला रहा था।

स्थानीय लोगों की तत्परता से बची पर्यटकों की जान

दुर्घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने जिस तत्परता से रेस्क्यू अभियान चलाया, उससे सभी यात्रियों को जल्द सुरक्षित बाहर निकालने में मदद मिली। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी सहयोग किया। पहाड़ी मार्गों पर दुर्घटना के बाद समय पर राहत और बचाव कार्य कितना महत्वपूर्ण होता है, इस घटना ने एक बार फिर इसे सामने ला दिया।

कोतवाल बोले, सभी यात्री सुरक्षित, दुर्घटना की जांच जारी

मसूरी कोतवाल नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि गुरुवार शाम हरिद्वार से 20 पर्यटकों को लेकर मसूरी आ रहा टेंपो ट्रैवलर मसूरी झील के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। गनीमत रही कि वाहन पेड़ों में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एक महिला को हल्की चोट आई है और कुछ यात्रियों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय भेजा गया। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और दुर्घटना के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

सवाल: पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम कितने पुख्ता?

इस हादसे ने मसूरी-देहरादून मार्ग पर पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पहाड़ी मार्गों पर तीखे मोड़, संकरी सड़कें और गहरी खाइयां पहले से ही वाहन चालकों के लिए चुनौती बनी रहती हैं। ऐसे में पैरापिट की मजबूती, सड़क किनारे सुरक्षा इंतजाम और वाहन चालकों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करना बेहद जरूरी है। गनीमत रही कि इस बार पेड़ों ने वाहन को थाम लिया और सभी पर्यटकों की जान बच गई।