बैजनाथ सीएचसी मौत: अचानक तबीयत बिगड़ने की जांच की मांग

Blog
 Image

बागेश्वर। मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बैजनाथ (गरुड़) में प्रसव के बाद एक महिला की इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। घटना 9 अगस्त 2026 की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला ने अस्पताल में एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया था, लेकिन प्रसव के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है, वहीं मामले को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। उत्तराखंड क्रांति दल के ब्लॉक अध्यक्ष गिरिश कोरंगा ने घटना को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए मामले की स्वतंत्र, उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रसव के बाद महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने और उपचार के दौरान मौत की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट होना जरूरी है कि उपचार के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही, उपचार में देरी या अन्य चिकित्सकीय कारण तो जिम्मेदार नहीं रहे। यूकेडी नेता ने कहा कि बैजनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुछ समय पहले नया ऑपरेशन थिएटर (ओटी) कक्ष तैयार किया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में आधुनिक मशीनरी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों और संसाधनों की उपलब्धता के बावजूद प्रसव के बाद महिला की मौत होना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं को बेहतर करने का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में इस तरह की घटना से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लोगों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है। घटना की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।