18 विभागों के कर्मयोगियों का हुआ सम्मान, रोटरी क्लब मसूरी ने आयोजित किया  वोकेशनल  अवॉर्ड-2026

Blog
 Image


समाज और अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कर्मयोगियों को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब मसूरी ने मंगलवार शाम रोटरी वोकेशनल अवॉर्ड-2026 का भव्य आयोजन किया। समारोह में मसूरी के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों तथा विभागों के 18 कर्मचारियों और अधिकारियों को उनकी कार्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि समाज के विकास में उन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जो बिना किसी अपेक्षा के पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे कर्मयोगियों को सम्मानित करना केवल उनका उत्साहवर्धन करना नहीं, बल्कि समाज में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना भी है। कार्यक्रम के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब प्रत्येक वर्ष वोकेशनल अवॉर्ड समारोह आयोजित करता है। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों में कार्यरत उन कर्मचारियों और अधिकारियों को पहचान दिलाना है, जिन्होंने अपने समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली से समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।उन्होंने बताया कि इस वर्ष 18 विभिन्न विभागों और संस्थानों के 18 कर्मचारियों एवं अधिकारियों का चयन किया गया, जिन्हें समारोह के दौरान प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। दीपक अग्रवाल और रजत अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब मसूरी केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे वर्ष शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक जनहितकारी कार्यक्रम संचालित करता है। उन्होंने बताया कि क्लब जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा समय-समय पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करने का कार्य करता है। इन शिविरों में मसूरी और आसपास के क्षेत्रों के लोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श और निःशुल्क जांच एवं दवाइयों का लाभ प्राप्त करते हैं। उन्होने कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है। भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। समारोह के अंत में सम्मानित कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। इस मौके पर योगिता गोयल, नूपूर कर्णवाल, मनोरजन त्रिपाठी, नरेन्द्र साहनी, षैलेन्द्र कर्णवाल सहित कई लोग मौजूद थे।