राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) डे के अवसर पर लायंस क्लब मसूरी ने समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए चिकित्सकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट का सम्मान किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक मार्गदर्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशेषज्ञों को सम्मानित कर उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि संकट की घड़ी में समाज को जीवन देने का कार्य करते हैं। महामारी से लेकर प्राकृतिक आपदाओं तक हर चुनौतीपूर्ण समय में चिकित्सकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की है। ऐसे में डॉक्टर्स डे उनके समर्पण, सेवा और मानवता के प्रति निष्ठा को नमन करने का अवसर है।वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि वे देश की आर्थिक व्यवस्था को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। व्यापार, उद्योग और वित्तीय प्रबंधन में उनका मार्गदर्शन समाज और राष्ट्र की आर्थिक प्रगति का आधार है।इस अवसर पर डॉ. के. एस. चौहान, डॉ. सुशील सैनी, डॉ. बीणा सिंह, डॉ. हिमानी पायल, डॉ. सृष्टि करणवाल तथा सीए जगजीत सिंह साहनी को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। लायंस क्लब मसूरी के अध्यक्ष लायन राजन विरमानी ने कहा कि समाज के वास्तविक नायक वे लोग हैं, जो अपने पेशे के माध्यम से मानवता की सेवा करते हैं। क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों और सम्मान समारोहों का आयोजन करता रहेगा।कार्यक्रम में क्लब के सचिव लायन अतुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लायन संजय अग्रवाल, ए.के. मित्तल, विजेंद्र चौधरी, एम.पी.एस. खुराना, आभा अग्रवाल, इंद्रजीत, निशा वीरमणि जैन सहित क्लब के अनेक सदस्यों ने सहभागिता कर सम्मानित अतिथियों का अभिनंदन किया। समारोह का समापन सभी सम्मानित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ।

