मसूरी। मसूरी में पर्यटन सीजन से पहले व्यवस्थाओं को लेकर लापरवाही के आरोप सामने आ रहे हैं। माल रोड क्षेत्र में पेड़ों की लॉपिंग (छंटाई) का कार्य अब तक शुरू न होने से जनसुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस संबंध में सभासद गीता कुमाई ने नगर पालिका परिषद मसूरी के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन को पत्र देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए पहले ही वन विभाग से अनुमति प्राप्त की जा चुकी है और संबंधित दस्तावेज भी नगर पालिका को उपलब्ध कराए जा चुके हैं, इसके बावजूद काम धरातल पर शुरू नहीं हुआ है। उन्होने कहा कि माल रोड पर पेड़ों की बढ़ी हुई शाखाएं राहगीरों और वाहनों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। कई स्थानों पर ये शाखाएं बिजली लाइनों और अन्य व्यवस्थाओं को भी प्रभावित कर रही हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। गीता कुमाई ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि कुछ पेड़ों की लॉपिंग प्राथमिकता के आधार पर करना अत्यंत आवश्यक है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले पर्यटन सीजन में यह स्थिति गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। उन्होंने नगर पालिका से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए माल रोड क्षेत्र में पेड़ों की लॉपिंग का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

