मसूरी। मसूरी में राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर गणेश जोशी पर जमकर निशाना साधा और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सरकार को घेरा।
कांग्रेस नेता अनुज गुप्ता ने आरोप लगाया कि मंत्री द्वारा उन्हें “जेल भेजने” जैसे बयान दिए जा रहे हैं, लेकिन वे किसी भी प्रकार की दबाव की राजनीति से डरने वाले नहीं हैं। अनुज गुप्ता ने कहा, “हम मसूरी की आवाज हैं। शहर में जिस तरह अव्यवस्थाएं बढ़ रही हैं, उसके खिलाफ आवाज उठाते रहेंगेकृचाहे इसके लिए हमें 10 बार जेल क्यों न जाना पड़े।”
‘वसूली मंत्री’ और ‘घोटाले’ के आरोप
कांग्रेस नेताओं ने मंत्री गणेश जोशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह “वसूली मंत्री” के रूप में जाने जा रहे हैं। उनका दावा है कि मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण वसूली का अड्डा बन चुका है और शहर विकास के बजाय अव्यवस्थाओं की ओर बढ़ रहा है।
पेयजल, सीवरेज और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल
कांग्रेस ने 144 करोड़ की मसूरी-यमुना पंपिंग पेयजल योजना जो अब 170 करोड़ की हो गई के साथ अन्य योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद शहर में पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है।सीवरेज परियोजनाओं में भी घोटाले के आरोप लगाए गए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि मसूरी उप जिला चिकित्सालय “रेफर सेंटर” बनकर रह गया है, जहां गंभीर मरीजों को देहरादून भेजा जाता है।
पालिका और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी निशाना
कांग्रेस नेताओं ने पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नगर पालिका पूरी तरह विफल साबित हुई है। शहर में लगातार लग रहे जाम और अव्यवस्थाओं से आम लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार और स्थानीय प्रशासन उदासीन बने हुए हैं।
2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा
अनुज गुप्ता ने कहा कि 2027 का चुनाव कांग्रेस पूरी ताकत से लड़ेगी और इस बार भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मंत्री गणेश जोशी इस बार चुनाव में हार का सामना करेंगे। वहीं कांग्रेस के भीतर “स्लीपर सेल” होने की बात भी सामने आई। नेताओं ने कहा कि पार्टी के अंदर रहकर नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई होगी।
‘जनता देगी जवाब’
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मसूरी की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में सरकार को इसका जवाब मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर सरकार को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। इस मौके वर मसूरी शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, राजीव अग्रवाल, एजाज अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

