रेखा वर्मा बोलीं- देश-प्रदेश में भाजपा की लहर, मसूरी में महिलाओं का समर्थन गणेश जोशी की लोकप्रियता का प्रमाण; महेंद्र भट्ट ने कहा- टिकट का फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा
मसूरी। नगर पालिका टाउन हाल में मंगलवार को आयोजित रक्षाबंधन समारोह में राजनीतिक रंग भी देखने को मिला। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें आशीर्वाद दिया। महिलाओं की बड़ी भागीदारी को भाजपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए इसे गणेश जोशी के प्रति समर्थन और उनकी लोकप्रियता का संकेत बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट मौजूद रहे। समारोह के दौरान रक्षाबंधन की परंपरा के साथ ही प्रदेश की राजनीति और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं के बयान भी चर्चा में रहे।
रेखा वर्मा ने कहा- भाजपा की लहर, 2027 में फिर बनेगी सरकार
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार जनहित में काम कर रही हैं। सरकार की योजनाओं और कार्यों का असर जनता के बीच दिखाई दे रहा है और यही कारण है कि देशभर में भाजपा के पक्ष में माहौल बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।उन्होंने मसूरी में महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह महिलाओं का समर्थन गणेश जोशी के साथ दिखाई दे रहा है, उससे उनकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा में गणेश जोशी की पकड़ मजबूत है और 2027 में भी उनकी जीत की संभावनाएं स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। रेखा वर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब केवल घोषणाओं पर भरोसा नहीं करती। भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करने का प्रयास करती है, जबकि विपक्ष की बातों का कोई ठोस आधार नहीं है।
महेंद्र भट्ट बोले- रक्षाबंधन को जनसंवाद से जोड़ने का प्रयास
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि रक्षाबंधन के पवित्र त्योहार को गणेश जोशी ने जिस तरह व्यापक कार्यक्रम का रूप दिया है, वह भाई-बहन के रिश्ते के साथ सामाजिक जुड़ाव का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि मसूरी की जनता और विशेषकर महिलाओं का जिस तरह का स्नेह कार्यक्रम में दिखाई दिया, वह गणेश जोशी के प्रति लोगों के जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गणेश जोशी ने मसूरी के विकास के लिए लंबे समय से काम किया है और जनता के बीच उनकी सक्रियता का असर दिखाई देता है। हालांकि 2027 में टिकट को लेकर उन्होंने साफ किया कि किसी विधानसभा से किसे चुनाव लड़ाना है, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करता है। ऐसे में टिकट को लेकर अंतिम निर्णय भी शीर्ष नेतृत्व ही करेगा।
गणेश जोशी बोले- बहनों के आशीर्वाद से तीसरी बार विधायक बना
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वह मसूरी से तीसरी बार विधायक चुने गए और प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी मिली। इसके पीछे मसूरी की जनता, विशेषकर बहनों का आशीर्वाद और विश्वास सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वर्ष 2027 के चुनाव में मसूरी से उनकी जीत का अंतर 21 हजार मतों तक पहुंच सकता है। जोशी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कई लोग अपनी दावेदारी पेश करेंगे और कुछ लोग राजनीतिक रूप से सक्रिय नजर आएंगे, लेकिन बरसात खत्म होते ही कई लोग फिर दिखाई नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि जनता उन लोगों और नेताओं के काम को अच्छी तरह पहचानती है, जो लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं।
‘हर परिवार में सरकारी नौकरी’ के वादे पर विपक्ष को घेरा
गणेश जोशी ने विपक्ष के कथित चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी पार्टी की सरकार बनने पर प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का दावा किया जा रहा है तो यह व्यावहारिक रूप से कितना संभव है, इस पर जनता को विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे लुभावने वादों की हकीकत समझती है और आसानी से उनके झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में रोजगार और सरकारी नियुक्तियों के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम किया है। उनके अनुसार सरकार की योजनाओं का लाभ प्रदेश के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच रहा है।
रक्षाबंधन समारोह में दिखी चुनावी तैयारियों की झलक
मसूरी में आयोजित यह कार्यक्रम भले ही रक्षाबंधन के अवसर पर हुआ, लेकिन सैकड़ों महिलाओं की मौजूदगी और भाजपा के शीर्ष नेताओं के राजनीतिक बयानों ने इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़ दिया। मंच से बार-बार 2027 का जिक्र और गणेश जोशी की जीत के दावे इस बात का संकेत रहे कि मसूरी में चुनावी माहौल अभी से गर्म होने लगा है।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का टिकट पर दिया गया बयान भी महत्वपूर्ण रहा। इससे साफ है कि स्थानीय स्तर पर दावेदारियां और राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने के बावजूद अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा। समारोह में उमड़ी भीड़ और नेताओं के दावों के बीच अब नजर इस बात पर रहेगी कि रक्षाबंधन के इस राजनीतिक संदेश का आगामी चुनाव में कितना असर दिखाई देता है। इस मौके पर राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, कुषाल राणा, नरेन्द्र मेलवान, रणबीर कंडारी, गोरी थपलियाल सचिन पवार, विजय रमोला, अनिता धनाई, अनिता जवाडी सहित कई लोग मौजूद थे।

