एलकेडी रोड पर बड़ा हादसा टलारू गाड़ी को साइड देते समय 300 फीट गहरी खाई में गिरी जेसीबी, ऑपरेटर गंभीर घायल

Blog
 Image


पहाड़ों की रानी मसूरी में एलकेडी (लंबीधार-किमाड़ी-देहरादून) रोड पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लंबीधार के पास एक जेसीबी मशीन सामने से आ रहे वाहन को साइड देते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जेसीबी ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर रेस्क्यू किया और घायल को बाहर निकालकर उपचार के लिए देहरादून के दून अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जेसीबी एलकेडी रोड से वापस देहरादून की ओर लौट रही थी। लंबीधार के पास सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देने के दौरान चालक ने जैसे ही जेसीबी को सड़क के किनारे किया, वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।
जेसीबी के खाई में गिरते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। बिना अपनी जान की परवाह किए कई लोग खाई में उतरे और क्षतिग्रस्त जेसीबी में फंसे चालक को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे तत्काल दून अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि राहत कार्य में कुछ और देर हो जाती तो चालक की जान को और बड़ा खतरा हो सकता था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एलकेडी रोड की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि सड़क के कई हिस्सों में क्रैश बैरियर (सुरक्षा रेलिंग) नहीं लगे हैं, जिससे थोड़ी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन जाती है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में सड़क के किनारे की मिट्टी भी कमजोर हो जाती है, जिससे भारी वाहनों के फिसलने का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मांग की कि एलकेडी रोड पर जल्द से जल्द मजबूत क्रैश बैरियर लगाए जाएं और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर उसे सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त जेसीबी स्थानीय ठेकेदार जीत सिंह ठाकुर की है। हादसे के बाद उन्होंने भी घटनास्थल का जायजा लिया और घायल ऑपरेटर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून को जोड़ने वाला एलकेडी रोड इन दिनों वैकल्पिक मार्ग के रूप में काफी उपयोग किया जा रहा है। लगातार बारिश के कारण सड़क कई स्थानों पर कमजोर हो चुकी है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान अतिरिक्त सावधानी और सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की तकनीकी जांच कर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कार्य तत्काल कराए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।