govt-ads

मसूरी भट्टा फॉल के पास अनियंत्रित एंबुलेंस पैराफिट तोड़कर खाई की ढलान पर अटकी, चालक और हेल्पर घायल

Blog
 Image


मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर रविवार सुबह भट्टा फॉल के पास एक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि एंबुलेंस खाई में गहराई तक नहीं गिरी और ढलान पर एक पत्थर में अटक गई। हादसे में चालक और हेल्पर को हल्की चोटें आई हैं। क्रेन की मदद से एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब छह बजे श्री हरि एंबुलेंस सर्विस की एंबुलेंस संख्या यूके14 टीए 0775 उत्तरकाशी से देहरादून की ओर जा रही थी। भट्टा फॉल के पास एक मोड़ पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और एंबुलेंस सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए खाई की ढलान पर जा पहुंची। गनीमत रही कि वाहन नीचे गिरने के बजाय एक पत्थर में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में एंबुलेंस चालक हृदय नंद यादव पुत्र हरि नारायण यादव निवासी पटेल नगर, देहरादून और हेल्पर नितिन पुत्र साहब सिंह निवासी रामराज, उत्तर प्रदेश को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर वाहन को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई और काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को बाहर निकाल लिया गया। मसूरी पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार मोड़ पर ब्रेक नहीं लगने के कारण एंबुलेंस अनियंत्रित हुई। दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। भट्टा फॉल के आसपास सड़क पर तीखे मोड़ और ढलान होने के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह के समय हुई इस घटना में एंबुलेंस का पत्थर में अटक जाना राहत की बात रही, अन्यथा वाहन गहरी खाई में गिर सकता था। हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन नियंत्रण, ब्रेक की स्थिति और सड़क किनारे सुरक्षा इंतजामों की अहमियत को सामने ला दिया है।