पर्यटन नगरी मसूरी की मालरोड पर शाम के समय पैदल घूमने वालों को बेहतर सुविधा देने और वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। प्रतिबंधित समय में मालरोड पर वाहनों की एंट्री रोकने के लिए चार से पांच स्थानों पर बोलार्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही मालरोड से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर भी बोलार्ड लगाने की योजना है, ताकि दूसरे रास्तों से वाहन मालरोड में प्रवेश न कर सकें। एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मालरोड का निरीक्षण कर संभावित स्थान चिह्नित किए। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मालरोड को निर्धारित समय में वाहनमुक्त रखना है, जिससे पर्यटक और स्थानीय लोग बिना वाहनों के बीच से गुजरने की परेशानी के पैदल घूम सकें। अक्सर संपर्क मार्गों से वाहनों के मालरोड में पहुंचने के कारण प्रतिबंधित समय में भी यातायात नियंत्रण की चुनौती बनी रहती है। बोलार्ड लगने के बाद ऐसे प्रवेश मार्गों पर निगरानी और नियंत्रण व्यवस्था मजबूत करने की योजना है।
एसडीएम राहुल आनंद के साथ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन, सर्वे करने वाली संस्था के प्रतिनिधि, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष उपाध्याय और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान बोलार्ड लगाने के लिए स्थानों का चयन करने के साथ यह भी देखा गया कि जमीन के नीचे बिछी पानी की पाइपलाइन और अन्य यूटिलिटी को नुकसान न पहुंचे। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि मालरोड पर यातायात नियंत्रित करने के लिए शासन स्तर पर बैठक हुई थी, जिसमें बोलार्ड लगाने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में विभिन्न विभागों के साथ स्थल निरीक्षण किया गया है। सर्वे करने वाली टीम के इंजीनियरों ने रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। सर्वे पूरा होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और टेंडर की कार्रवाई की जाएगी। इसमें करीब एक माह का समय लग सकता है। प्रशासन की योजना के तहत ग्रीन चौक, अंबेडकर चौक, बाहर कैंची और हैम्पटन कोर्ट स्कूल की ओर जाने वाले मार्ग जैसे स्थानों पर बोलार्ड लगाने की संभावनाएं देखी गई हैं। इन रास्तों से मालरोड पर पहुंचने वाले वाहनों को रोकना व्यवस्था का प्रमुख हिस्सा होगा। हालांकि, कैमल्स बैक रोड को इस योजना में अलग रखा गया है। एसडीएम के अनुसार, इस मार्ग पर स्थानीय लोग रहते हैं और कई होटल भी संचालित होते हैं, इसलिए इसे खुला रखा जाएगा। वहीं मालरोड को प्रतिबंधित समय में वाहन प्रवेश के लिहाज से पूर्ण प्रतिबंधित जोन रखा जाएगा और इसमें अनावश्यक ढील नहीं दी जाएगी। एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि मालरोड पर शाम साढ़े चार बजे से रात साढ़े दस बजे तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। आवश्यक सेवाओं और शासकीय वाहनों को नियमानुसार छूट दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि प्रतिबंधित समय में मालरोड पर वाहनों की आवाजाही रोककर पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल बनाया जाए। बोलार्ड लगाने की योजना लागू होने के बाद संपर्क मार्गों से होने वाली वाहनों की अनधिकृत एंट्री पर भी नियंत्रण रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। फिलहाल सर्वे, स्थल चयन और टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही काम शुरू हो सकेगा।

