govt-ads

मसूरी में होटल में मैनेजर और कर्मचारियों से मारपीट, हंगामा करने पर कर्मचारी गिरफ्तार

Blog
 Image


कंट्री इन होटल में देर रात हुआ विवाद, पुलिस की समझाइश के बाद भी शांत नहीं हुआ पाते राम; शांति भंग होने की आशंका पर कार्रवाई’’

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी के एक होटल में देर रात मारपीट, गाली-गलौज और हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, होटल कंट्री इन के मैनेजर ने 22 अक्टूबर की रात कर्मचारी पाते राम पर मैनेजर और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने तथा होटल परिसर में हंगामा करने की शिकायत दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि कर्मचारी समझाने के बावजूद आक्रामक व्यवहार करता रहा।
कोतवाल मसूरी नरेन्द्र सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही कुलड़ी चौकी की टीम होटल पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कर्मचारी को समझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं होने पर उसे चौकी लाया गया। पुलिस का कहना है कि चौकी में भी उसका आक्रामक व्यवहार जारी रहा। इसके बाद उसका कम्युनिटी अस्पताल मसूरी में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
पुलिस के अनुसार, काफी समझाने-बुझाने के बाद भी कर्मचारी के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ और शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बनी रही। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई से मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान पाते राम (39) पुत्र मादवानन्द, निवासी ग्राम कटुड़, पोस्ट ऑफिस कटुड़, घनसाली, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मसूरी के होटल कंट्री इन में कार्यरत था। पुलिस ने मामले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की है। होटल में हुए विवाद के संबंध में पुलिस की ओर से जारी जानकारी में मारपीट और गाली-गलौज के आरोप बताए गए हैं।