govt-ads

देहरादून में छठ महापर्व की तैयारियां पूरी, 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग तेज

Blog
 Image

देहरादून। प्रकृति की आराधना, कठोर अनुशासन, संयम और अटूट लोक आस्था का महापर्व 'छठ पूजा' अपनी पूरी भव्यता के साथ शुरू हो चुका है। देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी पूर्वांचल और बिहार से ताल्लुक रखने वाले प्रवासी परिवारों में छठ को लेकर जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नहाय-खाय और खरना के पवित्र अनुष्ठानों के बाद अब पूरा शहर छठी मइया की भक्ति में सराबोर है। इस बीच, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार महासभा उत्तराखंड ने राज्य सरकार से 16 नवंबर को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की पुरजोर मांग की है, ताकि नौकरीपेशा और कामकाजी व्रती बिना किसी बाधा के पूरी निष्ठा से अनुष्ठान संपन्न कर सकें।

लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। पूर्वांचल और बिहार से जुड़े प्रवासी परिवारों के लिए विशेष सांस्कृतिक महत्व रखने वाले इस पर्व को लेकर राजधानी देहरादून में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, मरम्मत और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के इंतजाम किए गए हैं। वहीं, बिहारी महासभा उत्तराखंड ने छठ व्रतियों की सुविधा को देखते हुए 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग उठाई है। चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई। इस दिन व्रतियों ने स्नान कर शुद्धता और सात्विकता के साथ लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण किया। 14 नवंबर को खरना के अवसर पर व्रतियों ने दिनभर उपवास रखा और शाम को पूजा-अर्चना के बाद खीर का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद 15 नवंबर की शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा। पर्व को लेकर बिहार महासभा उत्तराखंड की ओर से टपकेश्वर महादेव मंदिर, प्रेमनगर और मालदेवता क्षेत्र के छठ घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। घाटों की साफ-सफाई कराने के साथ क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी कराई गई है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। टपकेश्वर घाट पर महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के कक्ष, भोजपुरी गीत-संगीत और सुबह ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था की गई है। प्रेमनगर नदी और चंद्रमणि घाट पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए गए हैं। बिहारी महासभा के अध्यक्ष लल्लन सिंह ने बताया कि छठ पूजा के दौरान टपकेश्वर घाट पर करीब छह से सात हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। प्रेमनगर नदी पर लगभग 20 हजार और चंद्रमणि घाट पर करीब आठ हजार श्रद्धालु जुट सकते हैं। उन्होंने कहा कि महासभा की ओर से यह प्रयास किया गया है कि पूजा में शामिल होने वाले व्रतियों और उनके परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने प्रदेशवासियों के साथ बिहार और पूर्वांचल के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। लल्लन सिंह ने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अनुशासन, शुद्धता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक एकजुटता का पर्व है। इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। उनका कहना है कि सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वाले अनेक श्रद्धालुओं को व्रत और पूजा के दौरान ड्यूटी के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सार्वजनिक अवकाश होने से वे परिवार के साथ पूरी श्रद्धा से पूजा में शामिल हो सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी छठ महापर्व पर प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल समाज के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना हमें संयम, अनुशासन, समर्पण और प्रकृति संरक्षण का संदेश देती है। अब श्रद्धालुओं को 15 नवंबर की संध्या और 16 नवंबर की सुबह होने वाले अर्घ्य का इंतजार है। घाटों पर तैयारियां पूरी होने के साथ ही राजधानी में छठ महापर्व का उत्साह और रौनक दिखाई देने लगी है।