मसूरी कंपनी गार्डन क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 41 वर्षीय पूर्व सैनिक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से व्यक्ति को नीचे उतारकर तत्काल 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि शनिवार को भारत सिंह रावत पुत्र शेर सिंह रावत ने कोतवाली मसूरी में सूचना दी कि उनके साले नवांग त्सेरिंग पुत्र लोबसांग, निवासी कंपनी गार्डन, मसूरी, ने अपने किराये के मकान के बाहर आत्मघाती कदम उठाया है। सूचना मिलते ही रात्रि अधिकारी और चीता मोबाइल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फील्ड यूनिट को भी जांच के लिए बुलाया। मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल मसूरी भेजा गया, जहां पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि नवांग त्सेरिंग पिछले कुछ समय से कंपनी गार्डन क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक वह करीब तीन वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। उसके भाई तेनजिंग रेबियल और जीजा भारत सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि मृतक नशे का आदी था और मानसिक तनाव से भी जूझ रहा था। परिजनों के अनुसार इससे पहले भी वह दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों और परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले मृतक की किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और उसके हालिया व्यवहार में कोई बदलाव आया था या नहीं। फिलहाल पुलिस ने मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं पोस्टमार्टम के लिए शव को पुलिस द्वारा देहरादून कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है।
