हेरिटेज कप में दूसरे दौर का रोमांच बढ़ा, नवचेतन की 4-0 से धमाकेदार जीत

Blog
 Image


सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी में चल रहे 53वें सेंट जॉर्ज कॉलेज हेरिटेज कप (जैकी) आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में दूसरे दौर के साथ मुकाबले और रोमांचक हो गए हैं। शनिवार को खेले गए तीन मुकाबलों में नवचेतन स्पोर्ट्स क्लब, विनबर्ग एलन स्कूल बी टीम और मैनोराइट ने जीत दर्ज कर अगले चरण की ओर कदम बढ़ाया। मैदान पर खिलाड़ियों ने आक्रामकता के साथ अनुशासन और शानदार रक्षात्मक खेल का भी प्रदर्शन किया। दिन के पहले मुकाबले में नवचेतन स्पोर्ट्स क्लब ने युवा स्पोर्ट्स क्लब के खिलाफ शुरू से ही दबाव बनाए रखा और 4-0 की शानदार जीत दर्ज की। मुकुल ने 27वें मिनट में पहला गोल किया। इसके तीन मिनट बाद अंशुल ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। 33वें मिनट में मनोज ने तीसरा गोल दागकर नवचेतन की स्थिति मजबूत कर दी। दूसरे हाफ में 64वें मिनट में केशव ने चौथा गोल कर टीम की एकतरफा जीत सुनिश्चित की। दूसरे मुकाबले में विनबर्ग एलन स्कूल बी टीम और ओक ग्रोव स्कूल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने रक्षात्मक रूप से शानदार खेल दिखाया। मैच का एकमात्र गोल क्रिस ने 54वें मिनट में किया। इसके बाद ओक ग्रोव ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन विनबर्ग एलन की मजबूत रक्षापंक्ति ने कोई मौका नहीं दिया और टीम ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। तीसरे मुकाबले में मैनोराइट ने खेतवाला स्पोर्ट्स क्लब को 1-0 से हराया। मैच का निर्णायक गोल जोतिश ने 12वें मिनट में किया। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का संचालन अनुभवी रेफरी पुष्कर सिंह गुसाईं, प्रदीप नेगी, प्रशांत रावत, मिलन और अनीश छेत्री ने किया। उनके निष्पक्ष और पेशेवर निर्णयों से मुकाबले सुचारु रूप से संपन्न हुए।प्रतियोगिता का आयोजन सेंट जॉर्ज कॉलेज के प्रधानाचार्य ब्रदर जेयसीलन एस., सुपीरियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेटरी ब्रदर ब्रिट्टो, उपप्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वानुस केरकेट्टा, असिस्टेंट स्पोर्ट्स सेक्रेटरी ब्रदर लॉरेंस कुजूर, ब्रदर निथिन मिटरली, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर आनंद थापा और पीआरओ भवनेश नेगी के मार्गदर्शन में खेल विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। दूसरे दौर में जीत के साथ अब टीमों की नजर अगले चरण पर है और प्रतियोगिता के आगे बढ़ने के साथ खिताब की जंग और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।