मसूरी में स्कूल से सड़क तक हरियाली, मसूरी को सुंदर बनाने की नई पहल, पर्यावरण दिवस से शुरू होगा अभियान

Blog
 Image


मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी को और अधिक सुंदर, व्यवस्थित व पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने एक नई पहल की शुरुआत की है। इसी क्रम में एसडीएम राहुल आनंद की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय में शहर के विभिन्न अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें “स्कूल से सड़क तक हरियाली” का खाका तैयार किया गया।
बैठक में एसडीएम राहुल आनंद ने स्कूल प्रबंधन से अपील की कि जिस तरह वे अपने स्कूल परिसर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा रखते हैं, उसी तर्ज पर स्कूल के बाहर की सड़कों, दीवारों और आसपास के क्षेत्रों को भी आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि झड़ीपानी से लेकर हाथीपांव और टिहरी बस अडडे तक का क्षेत्र प्रतिष्ठित स्कूलों से जुड़ा हुआ है और यदि इन स्कूलों के बाहर का इलाका भी सुसज्जित किया जाए तो यह पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण बन सकता है।
5 जून से अभियान की शुरुआत की तैयारी
एसडीएम ने बताया कि आगामी विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से इस अभियान को शुरू करने की योजना है। इसके तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा, साथ ही स्कूलों की बाहरी दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग, म्यूरल्स और आर्टवर्क भी तैयार किए जाएंगे, जिससे पूरा क्षेत्र रंगीन और जीवंत नजर आए।
पर्यटन और ट्रैफिक प्लान से जुड़ी पहल
एसडीएम ने कहा कि नगर पालिका द्वारा तैयार किए गए नए ट्रैफिक प्लान के तहत कई सड़कों को वन-वे बनाने की तैयारी है। ऐसे में इन मार्गों से गुजरने वाले पर्यटकों को अगर हरे-भरे और सजे-धजे स्कूल परिसर दिखाई देंगे, तो यह शहर की छवि को और बेहतर बनाएगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्कूलों से सुझाव, जल्द दूसरी बैठक
यह पहली बैठक थी, जिसमें स्कूलों से सुझाव लिए गए और उन्हें इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। एसडीएम ने बताया कि अगले 15 दिनों में एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें इस योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
होटल एसोसिएशन ने भी किया समर्थन
उत्तराखंड  होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि विदेशों में संस्थान अपने परिसरों के साथ बाहरी क्षेत्रों को भी सुंदर बनाते हैं, जिससे पूरे शहर की छवि बेहतर होती है। उन्होंने कहा कि मसूरी के प्रतिष्ठित स्कूल अगर इस दिशा में पहल करते हैं तो शहर का स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है।
बरसात से पहले हरियाली का लक्ष्य
प्रशासन का लक्ष्य है कि बरसात से पहले पौधारोपण कर लिया जाए, ताकि पौधे अच्छी तरह विकसित हो सकें और आने वाले समय में मसूरी का पूरा क्षेत्र हरियाली और फूलों से आच्छादित नजर आए।
पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा मसूरी
इस पहल को प्रशासन, स्कूलों और स्थानीय स्टेकहोल्डर्स के संयुक्त प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। अगर योजना सफल होती है तो मसूरी न केवल ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करेगा, बल्कि “ग्रीन टूरिज्म” के रूप में भी नई पहचान बना सकता है। इस मौके पर संजय अग्रवाल अध्यक्ष मसूरी होटल एसोसिएशन, रजत अग्रवाल अध्यक्ष भाजपा मसूरी, गौरव भसीन अधिशासी अधिकारी मसूरी,  अनिरुद्ध चौधरी कर अधीक्षक मसूरी सहित कई लोग मौजूद थे।