मसूरी। सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी में मंगलवार को रचनात्मकता ने पारंपरिक सोच की सीमाएं तोड़ दीं। जूनियर छात्रों के फैशन शो में जब छात्र लड़कियों की वेशभूषा में मंच पर उतरे तो सभागार में मौजूद अतिथि भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए। यह नजारा आइक्रियाज स्टूडेंट क्रिएटिव एक्सपो-2026 का हिस्सा था, जहां छात्रों ने फैशन, कला, डिजिटल गेमिंग और डिजाइन के जरिए अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। इमेज माइंड कंपनी की ओर से आयोजित इस वार्षिक एक्सपो की इस वर्ष की थीम मेटामॉर्फोसिस रखी गई थी। प्रदर्शनी में छात्रों ने पूरे वर्ष की रचनात्मक गतिविधियों और प्रयोगों को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अपनी सोच को नए और रचनात्मक अंदाज में सामने लाने का अवसर देना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोरेवियन स्कूल देहरादून के निदेशक थेसपाल कुंदन और विशिष्ट अतिथि प्रशासनिक निदेशक सूजन कुंदन रहे। प्रधानाचार्य ब्रदर जेयसीलन, सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो और उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वेनुस की मौजूदगी में अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया गया। एक्सपो में बच्चों द्वारा डिजाइन किए गए परिधानों ने खास आकर्षण बटोरा। फैशन शो में छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। वहीं डिजिटल गेमिंग की दुनिया को भी छात्रों ने अपने अंदाज में समझाया। उन्होंने अतिथियों को बताया कि डिजिटल गेमिंग किस तरह तैयार की जाती है और इसके पीछे किस प्रकार की रचनात्मक सोच काम करती है। प्रदर्शनी में छात्रों की बनाई चित्रकारी भी आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने विद्यार्थियों से उनकी कलाकृतियों और प्रोजेक्ट से जुड़े सवाल किए। छात्रों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ उनके सवालों के विस्तार से जवाब दिए। मुख्य अतिथि थेसपाल कुंदन ने छात्रों की कलाकृतियों और रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को परंपरागत सोच से आगे बढ़कर नए विचारों और रचनात्मकता के साथ अपने भविष्य का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर इमेज माइंड कंपनी के अल-कालिक ने अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कंपनी के रीजनल को-ऑर्डिनेटर वसंतन, को-ऑर्डिनेटर गणेशी, करन और आयुष सहित पूरी टीम का योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रदर जेयसीलन, सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वेनुस, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

