गुरु नानक स्कूल के वार्षिक मेले में उमड़ी रौनक, खेल, संगीत और लकी ड्रॉ ने बढ़ाया उत्साह

Blog
 Image


मसूरी गुरु नानक स्कूल में षनिवार को आयोजित वार्षिक मेले में उत्साह, रंगारंग गतिविधियों और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर पूरे दिन बच्चों की चहल-पहल, संगीत और रंग-बिरंगी सजावट से गुलजार रहा। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल तिवारी ने फीता काटकर किया। विद्यालय द्वारा आयोजित मेले में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे उत्सव जैसा माहौल बना रहा। पृष्ठभूमि में बजता संगीत और बच्चों का उत्साह कार्यक्रम में चार चांद लगा रहा था। मेले में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए आकर्षक स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। विभिन्न स्टॉलों को बेहद रचनात्मक और सांस्कृतिक अंदाज में सजाया गया था, जो एक अलग छाप छोड़ रहे थे। बच्चों ने मनोरंजक खेलों और गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। एक ओर बच्चे हुपला, रोलेट, हिट द पिरामिड, ट्रिपल योर मनी, ट्रेजर हंट, सुपर सिक्स और लकी डिप जैसे खेलों का आनंद ले रहे थे, वहीं दूसरी ओर स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉलों पर भी भारी भीड़ देखने को मिली। बच्चों और अभिभावकों ने मेले का जमकर आनंद उठाया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने डीजे प्वाइंट पर अपने दोस्तों और शिक्षकों को गाने समर्पित कर माहौल को और भी जीवंत बना दिया। मेले में आयोजित लकी ड्रॉ को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी बेसब्री से विजेताओं की घोषणा का इंतजार कर रहे थे। लकी ड्रॉ में प्रथम पुरस्कार के रूप में टैबलेट, द्वितीय पुरस्कार में अकाई म्यूजिक सिस्टम और तृतीय पुरस्कार में एयर फ्रायर दिया गया। इसके अलावा कई सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए। पुरस्कार जीतने वाले बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिल तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सामूहिक कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। कार्यक्रम में कुलदीप सिंह, सुनील बक्षीख् विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम उल्लास और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।