मसूरी में हरियाणा के पर्यटक का बवाल, महिला के सिर पर प्लास्टिक क्रेट से हमला, वीडियो वायरल;

Blog
 Image

मसूरी में हरियाणा के पर्यटक का बवाल, महिला के सिर पर प्लास्टिक क्रेट से हमला, वीडियो वायरल; पुलिस ने हिरासत में लेकर मजिस्ट्रेट के समक्ष किया पेश


मॉल रोड पर मामूली कहासुनी बनी हिंसक वारदात, महिला बेहोश होकर गिरी; पर्यटन नगरी की कानून-व्यवस्था और छवि पर उठे सवाल

पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटन सीजन के बीच एक बार फिर पर्यटक की गुंडागर्दी ने शहर की शांत फिजा को झकझोर दिया। रविवार देर रात माल रोड स्थित बाटा शोरूम के समीप मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जब हरियाणा से आए एक पर्यटक ने स्थानीय दंपति पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवक ने पास की दुकान से प्लास्टिक का क्रेट उठाकर महिला ओर उसके पति के सिर पर पूरी ताकत से वार कर दिया। वार इतना जोरदार था कि महिला मौके पर ही बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उपद्रवी पर्यटकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
महिला पर हमला, बीच-बचाव करने वालों को भी नहीं छोड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पर्यटक और स्थानीय दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही क्षणों में युवक ने आपा खो दिया और दुकान के बाहर रखा प्लास्टिक का क्रेट उठाकर महिला और उसके पति पर हमला कर दिया। महिला और उसके पति के सिर पर जोरदार वार होने से वह बेहोश होकर गिर गई। आरोप है कि आरोपी ने बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों से भी मारपीट की और वहां मौजूद लोगों को धमकाने का प्रयास किया। इससे कुछ देर के लिए माल रोड पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
112 पर सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
घटना की सूचना कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से मिलते ही मसूरी पुलिस की चीता मोबाइल और रात्रि अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया और उपद्रव कर रहे युवक को हिरासत में ले लिया। मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार, मारपीट और शांति भंग करने की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जांच के दौरान उसके वाहन में मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पाए जाने पर कार का चालान भी किया गया।
हरियाणा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज राघव (36) पुत्र रामनाथ सिंह, निवासी बड़ा गांव सिकंदरपुर, तहसील मानेसर, सेक्टर-86, गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। पुलिस पूरे मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
घायल महिला का अस्पताल में उपचार
हमले में घायल महिला को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। महिला के सिर में चोट लगने के कारण उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला और उसके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
वायरल वीडियो ने बढ़ाया लोगों का गुस्सा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वीडियो में आरोपी का आक्रामक व्यवहार और महिला पर हमला साफ दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो इससे गलत संदेश जाएगा।
पर्यटन पर निर्भर मसूरी, लेकिन गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं
मसूरी की अर्थव्यवस्था पूरी तरह पर्यटन पर आधारित है। होटल व्यवसाय, टैक्सी, रेस्टोरेंट, दुकानदार और हजारों स्थानीय परिवार पर्यटकों से मिलने वाले रोजगार पर निर्भर हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मसूरी आने वाले पर्यटकों का हमेशा स्वागत है, लेकिन शराब के नशे में उत्पात मचाने वाले और कानून हाथ में लेने वालों के लिए यहां कोई स्थान नहीं होना चाहिए। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पर्यटकों द्वारा शराब पीकर हुड़दंग, मारपीट और अभद्रता की घटनाओं में वृद्धि हुई है। इससे न केवल स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, बल्कि देश-विदेश में मसूरी की शांत और सुरक्षित पर्यटन नगरी की छवि भी धूमिल हो रही है।
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
मसूरी पुलिस का कहना है कि पर्यटन सीजन को देखते हुए माल रोड, गांधी चौक, लाइब्रेरी चौक और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने, शराब के नशे में उत्पात मचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।