पर्यटन सीजन से पहले झूलाघर-हवाघर क्षेत्र में सुधार की पहल, नालियों की सफाई और बेंच लगने से बढ़ी सुविधाएं

Blog
 Image


मसूरी। मसूरी में पर्यटन सीजन को देखते हुए झूलाघर और हवा घर क्षेत्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की पहल तेज हो गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधि गीता कुमाई के प्रयासों से नालियों की समस्या, सफाई व्यवस्था और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर ठोस कदम उठाए गए हैं।झूलाघर क्षेत्र में नालियों पर लगी जालियों की समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी से संपर्क किया गया, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जालियों को इस तरह संशोधित किया जाएगा कि उन्हें आसानी से खोला जा सके और नियमित सफाई सुनिश्चित हो सके। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम और पर्यावरण मित्रों द्वारा नालियों की सफाई का कार्य भी कराया गया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है। वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय निवासियों के सुझाव पर हवाघर क्षेत्र में पर्यटकों के बैठने के लिए बेंच लगाई गई हैं। इससे खासकर बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले सैलानियों को राहत मिलेगी। गीता कुमांई ने अधिशासी अधिकारी से हवाघर सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर जल्द डस्टबिन लगाने की मांग की है, ताकि कूड़ा इधर-उधर फेंके जाने पर रोक लगाई जा सके और क्षेत्र की स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि जनसहयोग और प्रशासनिक समन्वय से ही मसूरी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।