मसूरी। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीरा सकलानी का जन्मदिन को उत्साह और आत्मीय माहौल में मनाया गया। उनके कैंप कार्यालय में सभासदों, भाजपा कार्यकर्ताओं, पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए, मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शुभकामनाओं के बीच पालिकाध्यक्ष ने मसूरी के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं को भी विस्तार से साझा किया।
पत्रकारों से बातचीत में मीरा सकलानी ने कहा कि ष्मेरे जन्मदिन पर जिस तरह शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह मेरे लिए किसी सम्मान से कम नहीं है। जनता ने जिस विश्वास के साथ मुझे नगर पालिका की जिम्मेदारी सौंपी है, उसी भरोसे पर खरा उतरना मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मैं बिना किसी भेदभाव के पूरे मसूरी के विकास के लिए कार्य कर रही हूं और आगे भी करती रहूंगी। उन्होंने कहा कि नगर की सबसे बड़ी समस्याओं में शामिल मॉल रोड पर अतिक्रमण को काफी हद तक समाप्त कर दिया गया है। पालिका ने इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करते हुए व्यवस्थाओं को सुधारने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ष्हमारा उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं, बल्कि सभी को व्यवस्थित तरीके से रोजगार उपलब्ध कराना है। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि पटरी व्यापारियों के पुनर्वास पर लगातार कार्य किया जा रहा है। पहले चरण में कई पटरी व्यापारियों को अपर मॉल रोड पर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया गया है। आने वाले समय में अन्य योजनाओं के माध्यम से भी उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो बल्कि और मजबूत हो सके। शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष पर्यटन सीजन में मसूरी को सबसे अधिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। इससे निजात दिलाने के लिए राज्य सरकार, नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन मिलकर लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न स्थानों पर छोटी-छोटी पार्किंग विकसित करने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। पार्किंग की नई जगहों का चिन्हीकरण किया जा रहा है, जिससे वाहनों का दबाव कम होगा और पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। मीरा सकलानी ने बताया कि मसूरी में रोपवे परियोजना पर भी कार्य आगे बढ़ रहा है। इसके माध्यम से प्रमुख पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ा जाएगा, जिससे पर्यटकों को मॉल रोड पर ही सीमित न रहकर आसपास के दर्शनीय स्थलों तक आसानी से पहुंचने का अवसर मिलेगा। इससे पर्यटन को नई दिशा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का लक्ष्य केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना ही नहीं बल्कि मसूरी को एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक पर्यटन नगर के रूप में विकसित करना है। जन्मदिन समारोह में सभासद गौरी थपलियाल, रणबीर कंडारी, पवन तलवाल, विषाल खरोला, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, अनीता धनाई, कमला थपलियाल, प्रेम सजवाण, सुरेश थपलियाल सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पालिकाध्यक्ष को दीर्घायु एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

